KNEWS DESK – बॉलीवुड में इन दिनों रामायण को लेकर जबरदस्त चर्चा है। इंडियन सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शुमार की जा रही इस मेगा प्रोजेक्ट ने रिलीज से पहले ही माहौल गरमा दिया है। हाल ही में सामने आए टीज़र ने जहां फैंस की एक्साइटमेंट को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया, वहीं कुछ रिएक्शन्स ने इस चर्चा को विवाद का रंग भी दे दिया है।
दरअसल, नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म का बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, जो इसे अब तक की सबसे बड़ी भारतीय फिल्म बना सकता है। खास बात ये है कि हनुमान जयंती के मौके पर मेकर्स ने फिल्म के कुछ अहम किरदारों के लुक रिवील किए, जिसमें रणबीर कपूर के भगवान राम वाले अवतार की पहली झलक सामने आई। इस लुक को लेकर सोशल मीडिया पर फैंस के बीच जबरदस्त बहस छिड़ गई—कुछ ने इसे शानदार बताया, तो कुछ ने उम्मीद से कम बताया।
इसी बीच बॉलीवुड डायरेक्टर संजय गुप्ता का एक पोस्ट वायरल हो गया, जिसने इस पूरे मुद्दे को और हवा दे दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर सिर्फ एक लाइन लिखी—“खोदा पहाड़, निकला चूहा।” हालांकि उन्होंने अपने पोस्ट में न तो फिल्म का नाम लिया और न ही किसी एक्टर का, लेकिन यूजर्स ने इसे सीधे तौर पर ‘रामायण’ के टीज़र से जोड़ दिया।
बस फिर क्या था, सोशल मीडिया पर रिएक्शन की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने संजय गुप्ता को ही निशाने पर लेते हुए उनकी फिल्मों की तुलना शुरू कर दी। कुछ लोगों ने लिखा कि जो खुद बड़ा विजन नहीं दे पाते, वही इस तरह की टिप्पणियां करते हैं। वहीं कई फैंस रणबीर कपूर के लुक और फिल्म के स्केल का खुलकर बचाव करते नजर आए।
अगर संजय गुप्ता के करियर की बात करें, तो उन्होंने कांटे, शूटआउट एट लोखंडवाला, जज़्बा और मुंबई सागा जैसी फिल्में बनाई हैं। अब यूजर्स उनकी इन्हीं फिल्मों को लेकर उन्हें ट्रोल कर रहे हैं।
वहीं ‘रामायण’ की स्टार कास्ट इसे और भी खास बना रही है। फिल्म में साई पल्लवी, यश, रवि दुबे और सनी देओल जैसे बड़े नाम शामिल हैं। यही वजह है कि फिल्म को लेकर उम्मीदें काफी ऊंची हैं।
रिलीज की बात करें तो ये मेगा बजट फिल्म इस साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचती है या फिर विवादों के बीच उम्मीदों पर खरी उतर पाती है।