सुशील चौधरी- उत्तर प्रदेश के मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का बड़ा खुलासा हुआ है। गोवर्धन थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से जमा किए गए करीब दो दर्जन सिलेंडरों को जब्त किया है और इस धंधे में शामिल एक हॉकर को हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव खासतौर पर इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच का असर अब स्थानीय बाजारों में भी दिखने लगा है। भारत में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में करीब 200 रुपये की बढ़ोतरी के बाद कुछ लोग इसका फायदा उठाकर कालाबाजारी में जुट गए हैं।
अवैध तरीके से कर रखा था सिलेंडरों का भंडारण
मामले के अनुसार, गोवर्धन-सौंख रोड स्थित एक गैस एजेंसी में काम करने वाला हॉकर अवैध तरीके से सिलेंडरों का भंडारण कर रहा था। उसने गोवर्धन-सकरवा रोड पर एक खेत में बने दो कमरों में बड़ी संख्या में भरे हुए सिलेंडर छिपाकर रखे थे। स्थानीय लोगों को इस गतिविधि पर शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर छापेमारी की और वहां से लगभग दो दर्जन सिलेंडर बरामद किए। सभी सिलेंडरों को तत्काल कब्जे में ले लिया गया और आरोपी हॉकर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस कालाबाजारी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
किल्लत का फायदा उठाकर प्रति सिलेंडर 3500 में बेच रहा था हॉकर
स्थानीय निवासी मदन शर्मा ने बताया कि गैस की किल्लत और कीमतों में बढ़ोतरी का फायदा उठाकर आरोपी हॉकर एक-एक सिलेंडर को करीब 3500 रुपये तक में बेच रहा था, जो सामान्य दर से काफी अधिक है। वहीं, शिकायतकर्ता राजवीर ठाकुर के अनुसार यह अवैध कारोबार पिछले एक महीने से लगातार चल रहा था। उन्होंने इसकी जानकारी पहले ही गोवर्धन पुलिस और एसडीएम को दी थी, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि संकट की घड़ी में जनता को लूटने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।