सीजफायर बैठक के दौरान गिरे थे पाकिस्तान के विदेश मंत्री, कंधे में फ्रैक्चर

KNEWS DESK- इस्लामाबाद में एक अहम कूटनीतिक बैठक के दौरान पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार हादसे का शिकार हो गए। कार्यक्रम के बाद फोटो सेशन के दौरान अचानक गिरने से उनके कंधे में फ्रैक्चर हो गया, जिसकी पुष्टि बाद में डॉक्टरों ने की।

यह घटना रविवार (29 मार्च) को उस समय हुई जब इशाक डार मिस्र, तुर्की और सऊदी अरब के विदेश मंत्रियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक में शामिल थे। यह बैठक अमेरिका और ईरान के बीच संभावित सीजफायर को लेकर चल रही कूटनीतिक कोशिशों का हिस्सा थी, जिसमें पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैठक समाप्त होने के बाद जब सभी नेता मंच पर सार्वजनिक फोटो के लिए एकत्र हुए, तभी इशाक डार अचानक संतुलन खोकर गिर पड़े। हालांकि, उन्होंने तुरंत खुद को संभाला और फोटो सेशन पूरा किया। इसके बाद वे घर लौट गए, लेकिन दर्द बढ़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

डार के बेटे ने मीडिया को बताया कि गिरने के बावजूद उन्होंने संयम बनाए रखा। घर पहुंचने के बाद दर्द असहनीय हो गया था। शुरुआत में उन्हें दर्द निवारक दवाएं दी गईं, लेकिन जब आराम नहीं मिला तो परिवार के दबाव में उन्हें डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां कंधे में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई।

इशाक डार वर्तमान में पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री के साथ-साथ विदेश मंत्री का पद भी संभाल रहे हैं। वे सत्तारूढ़ पार्टी पीएमएल-एन के वरिष्ठ नेता हैं और पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के करीबी माने जाते हैं। वे पहले भी वित्त और विदेश जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

गौरतलब है कि हाल के तनाव के बाद अमेरिका और ईरान के बीच संवाद बहाल करने की कोशिशें तेज हुई हैं। इसी कड़ी में पाकिस्तान को एक संदेशवाहक के रूप में चुना गया है, और इशाक डार इस प्रक्रिया में अहम भूमिका निभा रहे हैं। वे अमेरिकी पक्ष के संदेश ईरान तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं।

फिलहाल डार की हालत स्थिर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनका गिरना और फिर खुद को संभालना देखा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *