डिजिटल डेस्क- दिल्ली से सटे जेवर में बने बहुप्रतीक्षित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन शनिवार, 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक मौके को लेकर प्रशासनिक और सरकारी स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार को बयान जारी कर बताया कि उद्घाटन समारोह को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जुटा हुआ है। सरकारी बयान के मुताबिक, पूर्व में हुई समीक्षा बैठकों के आधार पर सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए थे, जिनके तहत अब अंतिम तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं। प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और यह आयोजन ऐतिहासिक रूप से सफल हो सके।
सीएम योगी खुद ले रहे तैयारियों का जायजा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद इस पूरे कार्यक्रम की तैयारियों पर नजर बनाए हुए हैं। हाल ही में उन्होंने एयरपोर्ट परिसर का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उनके निर्देशों के अनुसार, सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर सुनिश्चित किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि उद्घाटन समारोह के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को बेहद मजबूत किया गया है। सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है और एक केंद्रीकृत कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके अलावा यातायात प्रबंधन के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है ताकि वीवीआईपी मूवमेंट और आम जनता के आवागमन में कोई बाधा न आए।
आपात स्थिति से निपटने के लिए भी तैयारियां पूरी
कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, पार्किंग और आगमन-प्रस्थान मार्गों को पूरी तरह व्यवस्थित कर लिया गया है। साथ ही, बैरिकेडिंग, साइनेज और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम को भी दुरुस्त किया गया है। चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को भी सुदृढ़ किया गया है, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन को उम्मीद है कि इस उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में वीवीआईपी, जनप्रतिनिधि, उद्योगपति, अधिकारी और आमजन शामिल होंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रकाश व्यवस्था और सफाई व्यवस्था को भी विशेष रूप से मजबूत किया गया है।
प्रदेश का पांचवा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा जेवर
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने के साथ ही उत्तर प्रदेश को अपना पांचवां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा मिल जाएगा। इससे पहले राज्य में चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (लखनऊ), लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (वाराणसी), महर्षि वाल्मिकी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (अयोध्या) और कुशीनगर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (कुशीनगर) सबसे पहले संचालित किए गए।