KNEWS DESK – आईपीएल के नए सीजन की शुरुआत से पहले चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है। टीम में हाल ही में शामिल हुए ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन शुरुआती मुकाबलों में उपलब्ध नहीं रहेंगे।
देर से टीम से जुड़ेंगे जॉनसन
फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि स्पेंसर जॉनसन 21-22 अप्रैल के आसपास टीम से जुड़ेंगे। दरअसल, वह लंबे समय से पीठ की चोट से जूझ रहे हैं और आईपीएल में खेलने से पहले उन्हें क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से फिटनेस क्लियरेंस लेना जरूरी है।
स्पेंसर जॉनसन को चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर हुए नाथन एलिस की जगह स्क्वॉड में शामिल किया गया है। सीएसके ने उन्हें 1.50 करोड़ रुपये में टीम का हिस्सा बनाया है।
तीसरी आईपीएल टीम
यह स्पेंसर जॉनसन का तीसरा आईपीएल सीजन और तीसरी फ्रेंचाइजी है। इससे पहले वह 2025 में कोलकाता नाइट राइडर्स और 2024 में गुजरात टाइटंस के लिए खेल चुके हैं।
हालांकि अब तक आईपीएल में उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा है। जॉनसन ने 9 मैचों में सिर्फ 5 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी 10 से ज्यादा रही है। बावजूद इसके, सीएसके को उनसे इस सीजन में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।