KNEWS DESK- गर्मियों की शुरुआत होते ही लोग खुद को ठंडा रखने के अलग-अलग तरीके ढूंढने लगते हैं। कोई एसी-कूलर का सहारा लेता है, तो कोई पहाड़ों की सैर की योजना बनाता है। लेकिन इन सबके बीच एक चीज जो हर किसी को सुकून देती है, वह है ठंडी-ठंडी कुल्फी। खासकर राजस्थान की मशहूर मटका कुल्फी का स्वाद ऐसा होता है कि एक बार चखने के बाद उसे भूल पाना मुश्किल हो जाता है।

अगर आप भी घर बैठे इस पारंपरिक स्वाद का आनंद लेना चाहते हैं, तो आइए जानते हैं आसान रेसिपी।
मटका कुल्फी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- 1 किलो दूध
- 250 ग्राम मावा
- 1 बड़ा चम्मच कटे हुए बादाम
- 1 बड़ा चम्मच कटे हुए काजू
- 1 बड़ा चम्मच किशमिश
- 1/2 छोटा चम्मच हरी इलायची पाउडर
- 4 छोटे चम्मच कस्टर्ड पाउडर
- 1/2 कप चीनी
घर पर ऐसे बनाएं स्वादिष्ट मटका कुल्फी
- सबसे पहले एक गहरे बर्तन में दूध डालकर उसमें चीनी मिलाएं और मीडियम आंच पर उबालने के लिए रखें। जब दूध गर्म होने लगे, तो उसमें कटे हुए बादाम, काजू और किशमिश डाल दें।
- अब दूध को लगभग 15 मिनट तक पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें ताकि वह नीचे से जले नहीं। इससे दूध गाढ़ा हो जाएगा और मेवों का स्वाद अच्छे से घुल जाएगा।
- इसके बाद उबलते दूध में से थोड़ा सा दूध निकालकर उसमें कस्टर्ड पाउडर घोल लें। इस घोल को धीरे-धीरे दूध में डालें और लगातार चलाते रहें, ताकि कोई गुठलियां न बनें।
- जब मिश्रण थोड़ा गाढ़ा हो जाए, तो इसे 5 मिनट तक और पकाएं और फिर गैस बंद कर दें। मिश्रण को हल्का ठंडा होने दें।
- अब इसे मिक्सर में एक बार चलाकर स्मूद बना लें। इसके बाद तैयार मिश्रण को छोटी-छोटी मटकियों में भरकर 4 से 5 घंटे के लिए फ्रिज में जमने के लिए रख दें।
तैयार है आपकी ठंडी-ठंडी कुल्फी
समय पूरा होने के बाद आपकी स्वादिष्ट राजस्थानी मटका कुल्फी तैयार हो जाएगी। इसे ठंडा-ठंडा सर्व करें और गर्मियों में घर बैठे पारंपरिक स्वाद का आनंद उठाएं।
मटका कुल्फी सिर्फ एक मिठाई नहीं, बल्कि भारतीय पारंपरिक स्वाद का एक खास हिस्सा है। मिट्टी के बर्तन में जमाई गई कुल्फी का स्वाद और भी बढ़ जाता है, जो इसे खास बनाता है। इस गर्मी, बाजार जाने की बजाय घर पर ही इस लाजवाब मिठाई को बनाकर परिवार के साथ आनंद लें।