IPL 2026 से पहले BCCI का सख्त एक्शन, अब छोटी गलती पर भी खिलाड़ियों को देना होगा जुर्माना

KNEWS DESK – भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से पहले कई नए नियम लागू कर दिए हैं, जिन्होंने खिलाड़ियों और फ्रेंचाइज़ियों दोनों को चौंका दिया है। ये नियम सिर्फ खेल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि खिलाड़ियों की लाइफस्टाइल, ट्रेनिंग और यहां तक कि उनके कपड़ों तक को भी प्रभावित करेंगे।

कपड़ों को लेकर सख्त नियम

सबसे ज्यादा चर्चा जिस नियम की हो रही है, वह खिलाड़ियों के ड्रेस कोड से जुड़ा है। नए नियम के अनुसार, मैच खत्म होने के बाद खिलाड़ी स्लीवलेस टी-शर्ट पहनकर मैदान या सार्वजनिक एरिया में नजर नहीं आ सकेंगे।

अब तक खिलाड़ी मैच के बाद आराम के लिए स्लीवलेस टी-शर्ट, शॉर्ट्स और चप्पल पहनते थे, लेकिन अब इस पर रोक लगा दी गई है। अगर कोई खिलाड़ी इस नियम का उल्लंघन करता है, तो पहले उसे चेतावनी दी जाएगी और दोबारा गलती करने पर उसकी मैच फीस काटी जा सकती है। इस नियम का असर एम एस धोनी और विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ियों पर भी पड़ेगा।

प्रैक्टिस और ट्रेनिंग पर भी बदलाव

बीसीसीआई ने खिलाड़ियों की प्रैक्टिस को लेकर भी सख्त गाइडलाइंस जारी की हैं। नए नियमों के मुताबिक:

  • मैच वाले दिन कोई भी टीम प्रैक्टिस नहीं कर सकेगी, सिर्फ वॉर्मअप की अनुमति होगी।
  • किसी भी टीम को दो से ज्यादा प्रैक्टिस मैच खेलने की इजाजत नहीं होगी।
  • टीमें एक-दूसरे के साथ प्रैक्टिस नेट्स शेयर नहीं कर सकेंगी।
  • होम टीम को मैच से 4 दिन पहले उस पिच पर ट्रेनिंग करने की अनुमति नहीं होगी, जिस पर मुकाबला खेला जाना है।
  • हर टीम के लिए अलग प्रैक्टिस पिच तैयार की जाएगी।

खिलाड़ियों की पर्सनल लाइफ पर भी असर

इन नियमों का असर खिलाड़ियों की निजी जिंदगी पर भी पड़ेगा। अब खिलाड़ी टूर्नामेंट के दौरान अपने परिवार और दोस्तों के साथ ट्रैवल नहीं कर पाएंगे। इसके अलावा, खिलाड़ियों के एलईडी बोर्ड के पास बैठने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।

हालांकि बीसीसीआई ने इन नियमों के पीछे की विस्तृत वजह नहीं बताई है, लेकिन माना जा रहा है कि यह कदम खिलाड़ियों की प्रोफेशनलिज्म, फिटनेस और मैच की निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए उठाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *