डिजिटल डेस्क- गोरखपुर से एक दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां SpiceJet की महिला कर्मचारी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मृतका की पहचान शिवांगी शर्मा के रूप में हुई है, जो एम्स थाना क्षेत्र के नंदानगर स्थित सैनिक कुंज कॉलोनी में किराए के मकान में रहती थी। बताया जा रहा है कि उसने आत्महत्या से पहले अपने व्हाट्सऐप पर एक स्टेटस लगाया था, जिसमें उसने लिखा था कि वह अब जीना नहीं चाहती और अपनी जिंदगी खत्म कर रही है।
मकान मालिक ने देखा स्टेटस, खुला मामला
सोमवार सुबह मकान मालिक ने शिवांगी का व्हाट्सऐप स्टेटस देखा, जिससे उन्हें कुछ अनहोनी की आशंका हुई। वह तुरंत उसके कमरे में पहुंचे, जहां शिवांगी बेड पर अचेत अवस्था में पड़ी मिली। आनन-फानन में उसे एम्स अस्पताल गोरखपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
स्पाइसजेट में थी तैनात
शिवांगी पिछले दो वर्षों से SpiceJet में सिक्योरिटी एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थी। वह मूल रूप से बलिया जिले के मलिकपुर गांव की रहने वाली थी। परिवार के अनुसार उसकी अभी शादी नहीं हुई थी और वह अपने करियर पर ध्यान दे रही थी। घटना की सूचना मिलने पर परिजन गोरखपुर पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार शाम को शव को अंतिम संस्कार के लिए बलिया ले जाया गया। परिजनों का कहना है कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि शिवांगी ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में भी उसने किसी तरह की परेशानी या तनाव का जिक्र नहीं किया था।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की जांच कर रही पुलिस ने बताया कि शुरुआती तौर पर यह मामला जहरीला पदार्थ खाने से आत्महत्या का लग रहा है। सीपी पांडेय (थाना प्रभारी) के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस ने शिवांगी का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है और उसकी कॉल डिटेल, चैट्स और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की जा रही है। खासतौर पर उसके व्हाट्सऐप स्टेटस को भी जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे की वजह जानने के लिए हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं वह किसी मानसिक तनाव, व्यक्तिगत समस्या या अन्य कारणों से परेशान तो नहीं थी।