डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के खुर्जा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। बिहार के गया से दिल्ली जा रही अमृत भारत एक्सप्रेस के इंजन के पेंटो में अचानक आग लग गई। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ी जान-माल की क्षति नहीं हुई। इस घटना के बाद ट्रेन को लगभग चार घंटे तक यहां रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने धैर्य नहीं किया और अन्य पैसेंजर ट्रेनों के जरिए अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। स्टेशन अधीक्षक घनश्याम मीना ने बताया कि ट्रेन संख्या 13697 अमृत भारत एक्सप्रेस गुरुवार को बिहार के गया से रवाना हुई थी और शुक्रवार सुबह पुरानी दिल्ली स्टेशन पहुंचनी थी। ट्रेन जैसे ही अलीगढ़ जंक्शन को पार करके आगे बढ़ी, लोको पायलट को इंजन में कुछ तकनीकी समस्या महसूस हुई। उन्होंने तत्काल खुर्जा जंक्शन रेलवे प्रबंधन को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्टाफ ने प्लेटफार्म नंबर एक से पहले ही ट्रेन को रोक दिया।
ट्रेन रूकते ही लगी आग, मची अफरा-तफरी
जैसे ही ट्रेन रुकी, इंजन के पेंटो (रेलवे लाइन के ऊपर लगे बिजली के तारों से इंजन को जोड़ने वाला उपकरण) में शॉर्ट सर्किट के चलते अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखकर स्टेशन पर हड़कंप मच गया, लेकिन रेलवे कर्मचारियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। इस दौरान इंजन बंद हो गया, जिससे ट्रेन का संचालन रुक गया। अन्य ट्रेनों के आवागमन को बाधित नहीं करने के लिए ट्रेन को अतिरिक्त इंजन की मदद से लूप लाइन पर खड़ा कर दिया गया। इसके बाद टीएक्सआर (ट्रेन एक्सामिनिंग रिपेयरिंग) की टीम मौके पर पहुंची और पेंटो व अन्य पुर्जों की मरम्मत शुरू कर दी। इस दौरान ट्रेन में सवार यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं।
करीब चार घंटे बाद रवाना हुई ट्रेन
ट्रेन सवार राजाराम झा ने बताया कि ट्रेन अचानक खुर्जा जंक्शन पर रोक दी गई। उस समय तेज बारिश हो रही थी, जिस कारण बाहर निकलना भी मुश्किल था। स्टेशन के बाहर जाकर दूसरे वाहन की व्यवस्था करना भी एक चुनौती थी। वहीं, यात्री राम सेवक पांडे ने बताया कि उन्हें सुबह 9 बजे तक दिल्ली पहुंचना था, लेकिन ट्रेन देरी से चलने के कारण उन्हें पूछताछ केंद्र पर जाना पड़ा। वहां उन्हें ईएमयू ट्रेन के बारे में पता चला, जिससे वे दिल्ली के लिए रवाना हो गए। वहीं, कुछ अन्य यात्रियों ने भी इंतजार नहीं किया और सुबह साढ़े नौ बजे टूंडला से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन और 10 बजे हाथरस से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन पकड़ ली। हालांकि, अधिकांश यात्री अलीगढ़ और अन्य स्टेशनों पर पहले ही उतर चुके थे, जिससे ट्रेन में भीड़ कम थी। अंततः लगभग चार घंटे की देरी के बाद सुबह 11:50 बजे तकनीक टीम ने इंजन की मरम्मत पूरी कर ली और ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।