KNEWS DESK- चुनाव आयोग ने रविवार को पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इसके तहत पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में मतदान अलग-अलग चरणों में कराया जाएगा। चुनाव आयोग के मुताबिक इन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में मतगणना 4 मई को एक साथ होगी।
17.4 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए बताया कि इन राज्यों में कुल 17.4 करोड़ मतदाता हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) का काम सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इन पांचों क्षेत्रों में कुल 824 विधानसभा सीटों पर चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव आयोग ने पहले ही फाइनल वोटर लिस्ट प्रकाशित कर दी है।

पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान
पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होगा।
- पहला चरण: 23 अप्रैल – 152 सीटों पर वोटिंग
- दूसरा चरण: 29 अप्रैल – 142 सीटों पर वोटिंग
राज्य में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी 2011 से राज्य की सत्ता में है।

असम में 9 अप्रैल को वोटिंग
असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में चुनाव कराया जाएगा।
- मतदान: 9 अप्रैल
- मतगणना: 4 मई
यहां मुकाबला मुख्य रूप से भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है।

केरल में भी 9 अप्रैल को चुनाव
केरल की 140 विधानसभा सीटों पर भी एक चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा। राज्य में मुख्य मुकाबला लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के बीच है। वहीं भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन भी चुनाव मैदान में है और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहा है।

तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोटिंग
तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को एक चरण में मतदान कराया जाएगा। राज्य में चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है और गठबंधन के तहत सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

पुडुचेरी में 30 सीटों पर चुनाव
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों पर भी 9 अप्रैल को मतदान होगा। यहां कांग्रेस, डीएमके और सीपीआई गठबंधन में चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं विपक्ष में ऑल इंडिया NR कांग्रेस, भाजपा और AIADMK का गठबंधन मैदान में है।

कई राज्यों में उपचुनाव भी होंगे
इन विधानसभा चुनावों के साथ ही गोवा, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, नागालैंड और त्रिपुरा में कुछ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी होंगे।
- 9 अप्रैल: गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा
- 23 अप्रैल: महाराष्ट्र और गुजरात
स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव पर जोर
चुनाव आयोग ने हाल ही में इन सभी राज्यों का दौरा कर चुनाव तैयारियों की समीक्षा की थी। आयोग ने संविधान के अनुच्छेद 324 और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के तहत केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है, ताकि चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जा सके।