Instagram यूजर्स के लिए बड़ा झटका, मेटा हटाने जा रहा एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन, जानें क्या बदलने वाला है

KNEWS DESK- सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Meta ने इंस्टाग्राम यूजर्स के लिए बड़ा बदलाव करने की घोषणा की है। कंपनी ने पुष्टि की है कि 8 मई 2026 के बाद इंस्टाग्राम मैसेजिंग में एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन (E2EE) सपोर्ट हटा दिया जाएगा। इसका मतलब यह हो सकता है कि भविष्य में कंपनी के पास यूजर्स की चैट तक पहुंच संभव हो जाएगी।

इंस्टाग्राम ऐप के अंदर जारी नोटिस में यूजर्स को पहले ही जानकारी दी जा रही है ताकि वे अपनी चैट और मीडिया फाइल्स डाउनलोड कर सकें। मेटा ने कहा कि जिन यूजर्स की चैट इस बदलाव से प्रभावित होगी, उन्हें ऐप में निर्देश दिखाई देंगे। इसके लिए पुराने वर्जन वाले यूजर्स को पहले ऐप अपडेट करना होगा।

एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन एक सुरक्षा फीचर है, जिसमें केवल भेजने वाले और प्राप्त करने वाले व्यक्ति ही मैसेज पढ़ सकते हैं। इस सिस्टम में हर डिवाइस के पास एक डिजिटल-की होती है, जो मैसेज को लॉक और अनलॉक करती है। इस प्रक्रिया के दौरान प्लेटफॉर्म कंपनी भी मैसेज पढ़ नहीं सकती। लेकिन 8 मई के बाद यह सुविधा बदल जाएगी और कंपनी को यूजर्स के मैसेज तक पहुंच मिलने की संभावना बढ़ सकती है।

मेटा ने फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया है कि भविष्य में यह बदलाव अन्य प्लेटफॉर्म जैसे WhatsApp या Facebook Messenger पर भी लागू होगा या नहीं। हालांकि, इंस्टाग्राम पर E2EE हटने से यूजर्स की प्राइवेसी को लेकर चर्चा तेज होने की संभावना है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि कंपनी इस बदलाव के साथ मैसेजिंग सुरक्षा को किस तरह बैलेंस करती है।

यूजर्स के लिए सलाह है कि वे 8 मई 2026 से पहले अपनी महत्वपूर्ण चैट और मीडिया फाइल्स डाउनलोड कर लें ताकि कोई डेटा लॉस न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *