KNEWS DESK- अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई को लेकर चौंकाने वाले बयान दिए हैं। ट्रंप ने कहा कि उन्हें यह पता नहीं कि मुज्तबा खामेनेई जीवित हैं या नहीं, क्योंकि अब तक उनकी सार्वजनिक उपस्थिति सामने नहीं आई है। हालांकि, उन्होंने उनकी मौत की खबरों को अफवाह बताया, लेकिन यह भी कहा कि अगर वह जीवित हैं तो उन्हें अपने देश के हित में समझदारी दिखाते हुए सरेंडर करना चाहिए।
ट्रंप ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि ईरान फिलहाल अमेरिका के लिए अनुकूल शर्तों पर समझौता करना चाहता है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना ने ईरान की अधिकांश मिसाइलों और ड्रोन क्षमताओं को नष्ट कर दिया है और उसके सैन्य ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका जल्द ही ईरान की समुद्री क्षमताओं को पूरी तरह खत्म कर देगा। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि कई देश होर्मूज स्ट्रेट की सुरक्षा के लिए अमेरिका की मदद करने को तैयार हैं, हालांकि उनके नाम सार्वजनिक नहीं किए गए।
अमेरिकी रक्षा मंत्री पेट हेगसेथ ने भी मुज्तबा खामेनेई पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ईरान के पास पर्याप्त कैमरे और रिकॉर्डिंग उपकरण होने के बावजूद नया नेता सामने क्यों नहीं आ रहा है। हेगसेथ ने आरोप लगाया कि मुज्तबा डरे हुए हैं, घायल हैं और भाग रहे हैं, इसलिए केवल लिखित बयान जारी किए गए। वहीं कुछ इंटरनेशनल मीडिया संस्थानों ने मुज्तबा के नए सोशल मीडिया अकाउंट पर दिखाई गई तस्वीर को एआई जनरेटेड बताया है। हालांकि, कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि वह अभी भी ईरान में मौजूद हैं।
जानकारी के अनुसार, अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मुज्तबा खामेनेई को ईरान का नया सुप्रीम लीडर बनाया गया था। उन्होंने जिम्मेदारी संभालने के बाद इजराइल और अमेरिकी एयरबेस पर हमले तेज कर दिए। हालांकि, हाल ही में उनकी गंभीर रूप से घायल होने की खबरें आईं, जिसे ईरान ने खारिज करते हुए कहा कि मुज्तबा पूरी तरह ठीक हैं और सेना का नेतृत्व कर रहे हैं।
यह घटनाक्रम अमेरिका-ईरान-इजराइल संबंधों में नई चुनौती और बढ़ते तनाव को दर्शाता है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा और कूटनीतिक दबाव बढ़ा सकता है।