KNEWS DESK- प्रदेश में एलपीजी सिलिंडरों की कथित कमी को लेकर फैली अफवाहों के बीच तेल कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (ओएमसी) ने कहा है कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को घबराकर अतिरिक्त खरीदारी या स्टॉक करने की आवश्यकता नहीं है।
स्टेट लेवल कोऑर्डिनेटर (एसएलसी) संजय भंडारी के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी युद्ध की स्थिति के बावजूद प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों की सप्लाई पर कोई असर नहीं पड़ा है। आपूर्ति नियमित रूप से जारी है और सभी जिलों में पर्याप्त मात्रा में ईंधन और एलपीजी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही गैस सिलिंडर की बुकिंग करें।
प्रदेश में करीब 4.85 करोड़ घरेलू एलपीजी उपभोक्ता हैं। इनमें लखनऊ में लगभग 15 लाख उपभोक्ता शामिल हैं। घरेलू गैस उपभोक्ताओं की संख्या के आधार पर लखनऊ, प्रयागराज, आगरा, गोरखपुर और गाजियाबाद राज्य के शीर्ष पांच जिले हैं, जहां मिलाकर करीब 65 लाख उपभोक्ता हैं।
वहीं व्यावसायिक और औद्योगिक एलपीजी उपभोक्ताओं की संख्या अपेक्षाकृत कम है, लेकिन इनकी मांग स्थिर बनी हुई है। लखनऊ में करीब 26 व्यावसायिक और औद्योगिक एलपीजी उपभोक्ता विभिन्न ऑयल कंपनियों से जुड़े हैं। नोएडा/ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, कानपुर और लखनऊ ऐसे प्रमुख शहर हैं, जहां व्यावसायिक और औद्योगिक एलपीजी की मांग सबसे अधिक रहती है। आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में घरेलू एलपीजी की औसत दैनिक मांग लगभग 10 हजार मीट्रिक टन है, जबकि व्यावसायिक और औद्योगिक श्रेणी में यह करीब 0.5 हजार मीट्रिक टन प्रतिदिन है।
प्रदेश में एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति के लिए लगभग 4143 डिस्ट्रीब्यूटर कार्यरत हैं, जिनमें से 116 लखनऊ में हैं। तेल कंपनियों का कहना है कि सभी एजेंसियों को पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी।
सिलिंडर बुकिंग के दौरान कुछ उपभोक्ताओं द्वारा आईवीआरएस फोन लाइन व्यस्त होने की शिकायतों पर कंपनियों ने बताया कि उपभोक्ता एसएमएस, मिस्ड कॉल और मोबाइल एप जैसे डिजिटल माध्यमों का भी उपयोग कर सकते हैं। कंपनियों ने लोगों से अपील की है कि वे एक साथ कई बुकिंग करने से बचें और केवल आवश्यकता होने पर ही सिलिंडर बुक करें।
उधर मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने भी जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस सिलिंडर की कथित कमी की आड़ में जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलिंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और हर जिले में इसकी नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को आपूर्ति श्रृंखला पर लगातार नजर रखने और किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
राज्य सरकार के निर्देश पर जिलों में अधिकारियों द्वारा पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों का निरीक्षण भी किया जा रहा है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि कुछ स्थानों से सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर किल्लत और कालाबाजारी की जो बातें सामने आ रही हैं, वे भ्रामक हैं। प्रशासन को ऐसे मामलों पर कड़ी निगरानी रखने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।