T20 World Cup 2026: अभिषेक शर्मा का अनोखा टोटका, उधार के बल्ले से खेली मैच जिताऊ पारी

KNEWS DESK – टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम की जीत के कई हीरो रहे, लेकिन एक नाम जिसने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं, वह था अभिषेक शर्मा। पूरे टूर्नामेंट में संघर्ष करने वाले इस बल्लेबाज ने फाइनल में ऐसा धमाका किया कि मैच का रुख ही बदल गया। अहमदाबाद में खेले गए खिताबी मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 21 गेंदों में 52 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर भारत की जीत की नींव रख दी।

अभिषेक शर्मा की इस तूफानी पारी में 6 चौके और 3 शानदार छक्के शामिल थे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत भारतीय टीम ने 20 ओवर में 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। बाद में भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर भारत को तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बना दिया।

उधार के बल्ले से खेली मैच जिताऊ पारी

फाइनल जीतने के बाद अभिषेक शर्मा ने एक दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वह इस बड़े मुकाबले में अपने बल्ले से नहीं बल्कि शिवम दुबे के बल्ले से बल्लेबाजी कर रहे थे।

अभिषेक शर्मा ने मैच के बाद कहा, “आज मैंने शिवम दुबे के बल्ले से बैटिंग की। सुबह मुझे लगा कि कुछ अलग करना चाहिए। गिल साथ नहीं था, इसलिए मैं दुबे के पास गया और उनका बैट ले लिया। थैंक यू दुबे।” उनका यह फैसला टीम के लिए लकी साबित हुआ और उन्होंने उसी बल्ले से फाइनल में शानदार पारी खेल दी।

अभिषेक शर्मा ने फाइनल मुकाबले में महज 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सबसे तेज अर्धशतक भी रहा। उन्होंने संजू सैमसन के साथ मिलकर 98 रनों की अहम साझेदारी की, जिसने भारत के बड़े स्कोर की नींव रखी।

पूरे टूर्नामेंट में रहा खराब फॉर्म

हालांकि फाइनल से पहले अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में खास नहीं रहा था। टी20 क्रिकेट में दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज माने जाने वाले अभिषेक ने पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ 17.6 की औसत से 141 रन बनाए। इतना ही नहीं, वह तीन बार शून्य पर भी आउट हुए थे।

लेकिन फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में उन्होंने जबरदस्त वापसी करते हुए साबित कर दिया कि बड़े खिलाड़ी वही होते हैं जो बड़े मंच पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं। अभिषेक शर्मा की इस विस्फोटक पारी ने भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई और उन्हें फाइनल के सबसे बड़े हीरो में शामिल कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *