KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेता Rajpal Yadav एक बार फिर सुर्खियों में हैं। तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद उन्होंने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने खिलाफ चल रहे केस, करियर और भविष्य की योजनाओं पर खुलकर बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह मुश्किल दौर से गुजर जरूर रहे हैं, लेकिन आर्थिक रूप से मजबूत हैं और आने वाले सालों में उनके पास काम की कोई कमी नहीं है।
फिल्म ‘अता पता लापता’ से शुरू हुआ विवाद
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजपाल यादव ने बताया कि साल 2010 में आई उनकी फिल्म ‘अता पता लापता’ में बिजनेसमैन माधव गोपाल अग्रवाल ने करीब 5 करोड़ रुपये का निवेश किया था। यह फिल्म बतौर निर्देशक राजपाल की पहली कोशिश थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म सफल नहीं हो सकी।
उनके वकील भास्कर ने दावा किया कि समय के साथ ब्याज जुड़ने से यह रकम बढ़कर करीब 10.40 करोड़ रुपये हो गई। वकील के मुताबिक, शिकायतकर्ता की मंशा सिर्फ पैसे वसूलने की नहीं बल्कि अभिनेता को जेल भेजने की थी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते पूरी राशि स्वीकार कर ली जाती तो मामला 2018 में ही सुलझ सकता था।
“मेरे पास 7 साल का काम है”
राजपाल यादव ने अपने करियर को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले सात वर्षों के लिए उनके पास लगभग 1200 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स लाइन में हैं। उन्होंने बताया कि करीब 10 फिल्में पाइपलाइन में हैं।
जल्द ही वह फिल्म ‘भूत बंगला’ में नजर आएंगे और इसके बाद ‘वेलकम टू द जंगल’ जैसी बड़ी फिल्म का भी हिस्सा बनेंगे। अभिनेता ने यह भी कहा कि उन्होंने कई निर्माताओं की आर्थिक तंगी के दौरान बिना फीस के काम किया है।
भावुक हुए राजपाल यादव
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अभिनेता भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में जिन लोगों ने उनका साथ दिया, वह उनके आभारी हैं। उन्होंने कहा, “कुछ लोग ऐसे हैं जो मशहूर भी नहीं हैं, लेकिन उन्होंने मेरी हर संभव मदद की। वही लोग मेरी असली ताकत हैं।”
राजपाल ने अपने अंदाज में कहा, “मैं राजा की तरह जीना चाहता हूं और मजदूर की तरह काम करना चाहता हूं। राजा था, हूं और रहूंगा। राजा तो राजा होता है, चाहे जेल में हो या कहीं और।”
वकील का दावा
वकील ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायतकर्ता की ओर से कड़े शब्दों में चेतावनी दी गई थी कि यदि 10.40 करोड़ रुपये नहीं दिए गए तो उनकी संपत्ति बिकवा दी जाएगी। हालांकि, इस कथित बयान की कोई रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं होने की बात भी उन्होंने स्वीकार की।