KNEWS DESK- आज, 1 मार्च 2026 से मौजूदा वित्तीय वर्ष का आखिरी महीना शुरू हो चुका है। इस महीने कुछ अहम फाइनेंस और उपभोक्ता बदलाव लागू हो गए हैं, जो आपके बैंकिंग, टैक्स फाइलिंग, गैस सिलेंडर और जेट फ्यूल खर्चों पर सीधा असर डाल सकते हैं।
भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने सरकारी काम संभालने वाले सभी एजेंसी बैंकों को 31 मार्च 2026 को खुले रहने का निर्देश दिया है। यह दिन महावीर जयंती के कारण पब्लिक हॉलिडे है, लेकिन टैक्स कलेक्शन और सरकारी पेमेंट प्रोसेसिंग के लिए बैंक चालू रहेंगे। इससे वित्तीय वर्ष 2025-26 के सभी लेनदेन समय पर रिकॉर्ड हो सकेंगे।
टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया (TRAI) ने सभी क्वालिफाइड स्टॉकब्रोकर्स (QSBs) को 1600 नंबरिंग सीरीज में माइग्रेट करने की डेडलाइन 15 मार्च 2026 तय की है। इस बदलाव से इन्वेस्टर्स को अपने ब्रोकर्स से आने वाले कॉल्स की पहचान आसान होगी। इसके बाद अगर किसी स्टैंडर्ड 10-डिजिट नंबर से “फाइनेंशियल” कॉल आती है, तो वह स्कैम होने की संभावना बढ़ जाती है।
यूनियन बजट 2026-27 के तहत रिवाइज्ड इनकम टैक्स रिटर्न्स (ITR) फाइल करने की डेडलाइन अब 31 मार्च तक बढ़ा दी गई है। टैक्सपेयर्स मार्च महीने का इस्तेमाल 2025-26 के डिक्लेरेशन में गलती सुधारने के लिए मामूली फीस देकर कर सकते हैं, जिससे पेनल्टी या स्क्रूटनी से बचा जा सकता है।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने “नो योर व्हीकल” (KYV) वेरिफिकेशन की आवश्यकता समाप्त कर दी है। इस मार्च से मौजूदा FASTag धारकों को रेगुलर KYV वेरिफिकेशन से गुजरने की जरूरत नहीं है। इसके अलावा, 3 मार्च 2026 से डिजिटल वॉलेट यूजर्स के लिए नए FASTag सब-वॉलेट भी लाइव हो जाएंगे, जिससे टोल फंड का ट्रैकिंग आसान हो जाएगा।
इस महीने दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 188 से 191.5 रुपए तक का इजाफा हुआ है। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें स्थिर हैं, लेकिन व्यवसायिक उपयोग के लिए लागत बढ़ी है।
साल 2026 में पहली बार जेट फ्यूल की कीमतों में 5-6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। चेन्नई में जेट फ्यूल के दाम 1 लाख रुपए से ऊपर पहुंच गए हैं। इसका असर एयरलाइन ऑपरेटिंग कॉस्ट पर पड़ेगा और फ्लाइट टिकटों में संभावित बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।