KNEWS DESK – भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में अपनी निजी जिंदगी को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है। Digital Commentary यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान उन्होंने बचपन में हुई अपनी शादी और उससे जुड़े भावनात्मक संघर्ष पर खुलकर बात की।
कम उम्र में हुई शादी, नहीं थी समझ
निरहुआ ने बताया कि कम उम्र में ही उनके माता-पिता ने परंपराओं के चलते उन पर दबाव डालकर शादी करवा दी। उस समय वे इतने छोटे थे कि सही-गलत का फर्क समझ नहीं पाते थे। बड़े होने के बाद जब उन्हें परिस्थितियों का एहसास हुआ, तो उन्हें लगा कि यह फैसला उनके लिए सही नहीं था। उन्होंने स्वीकार किया कि इस बात का अपराधबोध आज भी उन्हें कहीं न कहीं परेशान करता है।
“जीवन में प्रेम नहीं कर पाया”
पॉडकास्ट में निरहुआ ने भावुक होते हुए कहा कि जीवनसाथी वह होना चाहिए, जिससे इंसान प्रेम करे। लेकिन उनके साथ ऐसा नहीं हो पाया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उन्होंने कभी प्रेम नहीं किया और इस सच्चाई को उन्होंने अपने जीवनसाथी से भी छिपाया नहीं।
https://www.instagram.com/p/DVDm7VUCOoi/
उनका कहना था कि बच्चों से या परिवार से झूठ बोलने का कोई मतलब नहीं होता। सच को स्वीकार करना ही बेहतर होता है।
बच्चों पर नहीं थोपेंगे फैसला
निरहुआ ने यह भी कहा कि उन्होंने अपने बच्चों के लिए एक संकल्प लिया है। वे अपने बच्चों की शादी का फैसला खुद नहीं करेंगे। उनका मानना है कि बच्चों को अपनी पसंद से जीवनसाथी चुनने का अधिकार होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वे अपने माता-पिता के फैसले को “फर्ज” समझकर निभा रहे हैं, लेकिन अपने बच्चों के साथ वही गलती नहीं दोहराएंगे।
संघर्ष से सुपरस्टार तक का सफर
2 फरवरी 1979 को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के टंडवा गांव में जन्मे निरहुआ का बचपन बेहद संघर्षपूर्ण रहा। आर्थिक तंगी के बीच पले-बढ़े निरहुआ ने मेहनत के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई।
साल 2006 से उन्होंने भोजपुरी फिल्मों में कदम रखा और धीरे-धीरे इंडस्ट्री के बड़े सितारों में शुमार हो गए। आज वे भोजपुरी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय कलाकारों में से एक हैं।