प्रकाश राज का ‘द केरल स्टोरी 2’ पर तंज, बीफ-पोर्क की थाली शेयर कर बोले – ‘यही है असली भाईचारा’

KNEWS DESK – साउथ सिनेमा के चर्चित अभिनेता प्रकाश राज एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज़ को लेकर सुर्खियों में हैं। सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर राय रखने वाले प्रकाश राज ने इस बार फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर नई बहस छिड़ गई है।

सोशल मीडिया पोस्ट से दिया संदेश

प्रकाश राज ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर बीफ, पोर्क और मछली से सजी थाली की तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा कि “असली ‘द केरल स्टोरी’ यह है कि कैसे पोर्क, बीफ और मछली वेजिटेरियन सद्या के साथ मिलकर एक ही थाली में रहते हैं और लोग भी आपस में मिलजुलकर रहते हैं। इस विविधता का आनंद लें। हैप्पी संडे।”

उनकी इस पोस्ट को फिल्म पर अप्रत्यक्ष टिप्पणी माना जा रहा है। कई यूजर्स ने इसे भाईचारे और सांस्कृतिक विविधता का संदेश बताया, तो कुछ ने इसे फिल्म पर तंज करार दिया।

‘द केरल स्टोरी 2’ विवादों में

फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ का निर्देशन कामाख्या नारायण सिंह ने किया है, जबकि इसे विपुल शाह ने प्रोड्यूस किया है। ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही फिल्म चर्चा और विवादों के केंद्र में है। ट्रेलर में दिखाए गए एक दृश्य, जिसमें एक मुस्लिम परिवार द्वारा एक व्यक्ति को जबरन बीफ खिलाने का आरोपित दृश्य है, को लेकर विरोध सामने आया है।

फिल्म 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, लेकिन उससे पहले ही इस पर राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं।

अनुराग कश्यप ने भी जताई नाराजगी

इससे पहले फिल्ममेकर अनुराग कश्यप ने भी फिल्म को लेकर तीखी टिप्पणी की थी। उन्होंने इसे “प्रोपेगेंडा” बताते हुए कहा कि यह एक “बकवास फिल्म” है। अनुराग ने सवाल उठाया कि “ऐसा कौन जबरन बीफ खिलाता है?” उन्होंने फिल्म की कहानी और प्रस्तुति पर भी गंभीर आपत्ति जताई।

केरल सरकार की आपत्ति

फिल्म पर केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि केरल को आतंकवाद का केंद्र दिखाने की कोशिशें गलत हैं और इसे खारिज किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने फिल्म को “झूठा प्रोपेगेंडा” करार दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *