T20 World Cup 2026: साउथ अफ्रीका की जीत, 76 रनों से भारत को हराया

KNEWS DESK- अहमदाबाद के Narendra Modi Stadium में खेले गए सुपर-8 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 76 रनों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर सिमट गई।

दक्षिण अफ्रीका की पारी की अगुआई अनुभवी बल्लेबाज David Miller ने की। उन्होंने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाते हुए अर्धशतक जमाया और टीम को प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया। अंत के ओवरों में तेज रन बटोरकर प्रोटियाज ने भारत के सामने 188 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में Ishan Kishan बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद लगातार विकेट गिरते रहे और टीम दबाव में आ गई। मध्यक्रम भी जिम्मेदारी नहीं निभा सका।

हालांकि Shivam Dube ने 42 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। नतीजतन पूरी टीम 19 ओवर भी पूरे नहीं खेल सकी।

दक्षिण अफ्रीका की जीत के हीरो रहे Marco Jansen और Keshav Maharaj। यानसेन ने चार विकेट झटके, जबकि महाराज ने तीन महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल कीं। दोनों गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह से झकझोर कर रख दिया।

इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने सुपर-8 चरण में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है, जबकि भारत को आगे की राह मुश्किल होती नजर आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *