KNEWS DESK- मैक्सिको में कुख्यात ड्रग माफिया सरगना El Mencho की मौत के बाद देशभर में तनाव और हिंसा फैल गई है। जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (CJNG) के इस नेता के मारे जाने के बाद समर्थकों ने बदला लेने के लिए सड़कों पर आगजनी, फायरिंग और रोडब्लॉक किए।
एल मेंचो की मौत के बाद कई राज्यों में स्कूल बंद कर दिए गए और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने की अपील की। भारत और अमेरिका समेत कई देशों ने अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की।
कार्टेल के सदस्यों ने 20 राज्यों में 250 से अधिक जगहों पर सड़कें जाम कीं, गाड़ियों में आग लगाई और कई जगह गोलीबारी की। जलिस्को, मिचोआकान और गुआनाजुआटो में कम से कम 14 लोगों की मौत की खबर है, जिनमें सात नेशनल गार्ड के जवान भी शामिल हैं।
जलिस्को की राजधानी Guadalajara, जो देश का दूसरा सबसे बड़ा शहर है, लगभग पूरी तरह बंद रही। लोग डर के कारण घरों से बाहर नहीं निकले। ग्वाडलाहारा ही वह इलाका है जहां एल मेंचो का कार्टेल सबसे अधिक सक्रिय था।
अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमित स्टाफ के साथ संचालन हुआ, ज्यादातर उड़ानें रद्द कर दी गईं और यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। 64 वर्षीय यात्री जैसिंटा मर्सिया ने कहा, “मैं डरी हुई हूं… कहीं रोडब्लॉक न हो, कर्फ्यू न लग जाए, कुछ भी हो सकता है। मैं बिल्कुल अकेली हूं।”
मैक्सिको सरकार ने स्थिति को काबू में होने का दावा किया है, लेकिन स्थानीय लोगों और विदेशी नागरिकों के लिए डर और अनिश्चितता का माहौल अभी भी कायम है। एल मेंचो की मौत ने न केवल देश की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं बल्कि मैक्सिको में ड्रग कार्टेल की हिंसा की गंभीरता को भी उजागर किया है।