डिजिटल डेस्क- बदायूं जिले के उझानी क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बारातियों से भरी एक प्राइवेट बस और रोडवेज बस के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, प्राइवेट बस शाहजहांपुर जिले के बाराकलां से कासगंज के भम्मानगला थाना सोरों क्षेत्र से बारात लेकर लौट रही थी। सुबह करीब साढ़े पांच बजे जीडी गोयनका स्कूल के पास यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ओवरटेक करने के प्रयास में प्राइवेट बस अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही रोडवेज बस से जा टकराई।
घायलों को भेजा गया बदायूं मेडिकल कॉलेज
टक्कर इतनी भीषण थी कि प्राइवेट बस का ड्राइवर साइड का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। जोरदार धमाके के साथ हुई इस भिड़ंत के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार बरातियों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही उझानी और सिविल लाइंस थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने किशन, सोनू और योगेश को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद लगा लंबा जाम
इंस्पेक्टर उझानी गुड्डू सिंह ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। अन्य घायलों को भी चोटें आई हैं, जिनका इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायल लोगों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। हादसे के बाद बरेली-मथुरा हाईवे पर लंबा जाम लग गया। दोनों बसें सड़क के बीचों-बीच फंसी रहीं, जिससे यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर किनारे कराया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका।