मध्य प्रदेशः जॉब न लगने से परेशान होनहार छात्र ने माता-पिता और छोटे भाई को उतारा मौत के घाट, तिहरे हत्याकांड ने मचाई सनसनी

डिजिटल डेस्क- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के सानवागा गांव में गुरुवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। 30 वर्षीय दीपक धुर्वे ने कथित तौर पर अपने माता-पिता और छोटे भाई की हत्या कर दी। घटना में उसका पांच साल का भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। घर के अंदर एक पालतू बिल्ली भी मृत अवस्था में मिली है। पुलिस ने आरोपी दीपक धुर्वे को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। मृतकों की पहचान पिता राजू उर्फ हंसू धुर्वे (55), मां कमल्ती धुर्वे (40) और छोटे भाई दिलीप धुर्वे के रूप में हुई है। घायल बच्चे प्रशांत पर्टे की हालत नाजुक बताई जा रही है।

ऐसे हुआ खुलासा

पड़ोसियों के मुताबिक गुरुवार दोपहर तक घर का दरवाजा खुला था, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आ रही थी। कई बार दस्तक देने पर भी जवाब नहीं मिला तो ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए। तीनों शव घर के अंदर पड़े थे और दीपक वहीं पास में चुपचाप बैठा मिला। फर्श और दीवारों पर खून के धब्बे दिखाई दे रहे थे।

मानसिक स्वास्थ्य को लेकर सामने आई जानकारी

परिवार और रिश्तेदारों के अनुसार दीपक पढ़ाई में काफी होशियार था और 12वीं कक्षा में टॉप किया था। पढ़ाई के बाद वह सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था, जिसमें सीआरपीएफ की भर्ती भी शामिल थी, लेकिन चयन नहीं हो पाया। बताया जा रहा है कि लगातार असफलताओं के कारण वह तनाव में रहने लगा था। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि पिछले चार-पांच सालों से वह मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का इलाज करा रहा था और हाल ही में नागपुर से मेडिकल सलाह लेकर लौटा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *