रील का नशा और मौत… द्वारका में रईसजादों ने दौड़ाई मौत की कार, भीषण टक्कर से बाइक सवार की हुई मौत

डिजिटल डेस्क- दिल्ली के द्वारका साउथ थाना क्षेत्र में 3 फरवरी को हुए भीषण सड़क हादसे में 23 वर्षीय बाइक सवार साहिल धनेश्रा की दर्दनाक मौत हो गई। यह दुर्घटना लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास हुई, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने साहिल की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनियंत्रित स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़ी एक टैक्सी से भी जा भिड़ी। हादसे में टैक्सी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सुबह 11:57 बजे हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि स्कॉर्पियो चला रहा युवक 17 वर्षीय नाबालिग था और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। आरोपी को गिरफ्तार किया गया, लेकिन बाद में बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए उसे अंतरिम जमानत दे दी गई।

जिस कार से हुआ हादसा उसपर पेंडिंग है ओवर स्पीडिंग के 13 चालान

मृतक साहिल की मां इन्ना माकन ने आरोप लगाया है कि जिस स्कॉर्पियो से हादसा हुआ, उस पर पहले से 13 ओवरस्पीडिंग चालान दर्ज थे। उन्होंने कहा कि आरोपी गाड़ी को गलत लेन में चला रहा था और उसकी बहन साथ बैठकर रील बना रही थी। आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक बस के सामने स्टंट कर रहा था, जिसके चलते साहिल की बाइक को टक्कर लगी। इन्ना माकन ने इसे महज हादसा नहीं, बल्कि आपराधिक लापरवाही बताया है। उन्होंने कहा, “कुछ बच्चों को लगता है कि पैसों के दम पर वे सड़क पर कुछ भी कर सकते हैं। मेरे बेटे की जान उनकी ‘फन रील’ की वजह से गई है।”

मृतक की माँ ने वीडियो वायरल कर लगाई इंसाफ की गुहार

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि कई चालान होने के बावजूद परिवार ने नाबालिग को गाड़ी चलाने से क्यों नहीं रोका। पीड़ित मां ने सोशल मीडिया पर भावुक वीडियो पोस्ट कर अपने बेटे के लिए न्याय की मांग की है। उन्होंने लिखा कि उन्होंने साहिल को एक सिंगल मदर के रूप में 23 साल तक पाला-पोसा और अब वह सड़क पर लापरवाही का शिकार हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *