बेंगलुरु हादसा: दोस्त के फोटोशूट में व्यस्त मां थी, स्टूडियो के पूल में डूब गया 3 साल का बेटा

KNEWS DESK – बेंगलुरु के बाहरी इलाके में स्थित एक फोटो स्टूडियो में शनिवार को दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। मैटरनिटी फोटोशूट के दौरान तीन साल का एक बच्चा स्टूडियो परिसर में बने वाटर पूल में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।

फोटोशूट में आई थी मां के साथ

घटना मदनायकनहल्ली थाना क्षेत्र के गिड्डेनहल्ली इलाके की है। पुलिस के मुताबिक, बच्चा अपनी मां के साथ उसकी सहेली के मैटरनिटी फोटोशूट में शामिल होने स्टूडियो पहुंचा था।

बताया जा रहा है कि जब महिला अपनी सहेली के साथ फोटोशूट में व्यस्त थी, उसी दौरान बच्चा पास में खेल रहा था। स्टूडियो परिसर में ही एक वाटर पूल बनाया गया था, जहां खेलते-खेलते वह फिसलकर पानी में गिर गया।

तलाश के बाद तालाब में मिला

कुछ देर बाद जब मां को बच्चा नजर नहीं आया, तो उसने स्टूडियो स्टाफ और अन्य लोगों के साथ उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद बच्चा पानी से भरे पूल में मिला। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह भी जांच की जा रही है कि स्टूडियो में सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त थे या नहीं और क्या पूल के आसपास कोई बैरिकेड या चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। पुलिस के अनुसार, बच्चे के पिता काम के सिलसिले में विदेश में हैं और उनके सोमवार को बेंगलुरु लौटने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *