डिजिटल डेस्क- रविवार (15 फरवरी) को कोलंबो में खेले गए ICC पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 के हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई, लेकिन मैच के बाद ‘नो हैंडशेक पॉलिसी’ को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया। मैच खत्म होने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। इसे लेकर पाकिस्तान की मीडिया और सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। पाकिस्तानी चैनलों पर इस मुद्दे पर बहस छिड़ गई और इसे “अपमान” से जोड़कर देखा गया।
पैनलिस्ट ने सोशल मीडिया में पाक खिलाड़ियों का उड़ाया मजाक
पाकिस्तान के स्पोर्ट्स शो में चर्चा के दौरान एक कमेंटेटर ने कहा कि इतनी शर्मनाक हार के बाद टीम खुद से नजरें नहीं मिला पा रही होगी। वहीं एक अन्य पैनलिस्ट ने माना कि सोशल मीडिया पर पाकिस्तान का मजाक उड़ाया जाएगा और यह दिन भारतीय फैंस का है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने देश को शर्मिंदा किया है और अब ट्रोलिंग झेलनी पड़ेगी। सोशल मीडिया पर एक मीम भी वायरल हो रहा है जिसमें तंज कसते हुए कहा गया कि आज मोहसिन नकवी भी टीम से हाथ नहीं मिलाएंगे। यह बयान पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की कार्यप्रणाली और टीम के प्रदर्शन पर व्यंग्य के तौर पर देखा जा रहा है।
नो हैंडशेक विवाद बरकरार
इस बीच पाकिस्तान के जियो टीवी ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया कि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हैंडशेक नहीं किया। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि पाक कप्तान ने मैच से पहले कहा था कि खेल को खेल भावना के साथ खेला जाना चाहिए। मैदान पर मिली हार और उसके बाद के घटनाक्रम ने भारत-पाक मुकाबले की प्रतिस्पर्धा को और तीखा बना दिया है। जहां भारतीय फैंस जीत का जश्न मना रहे हैं, वहीं पाकिस्तान में टीम के प्रदर्शन और ‘नो हैंडशेक’ विवाद पर बहस तेज हो गई है।