IND vs PAK: 61 रन की हार के बाद सलमान आगा का खुलासा, बताया कहां हुई चूक

KNEWS DESK – भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का हाई-वोल्टेज मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया, जहां टीम इंडिया ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज कर पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया। इस हार के बाद पाकिस्तान के कप्तान Salman Agha (सलमान आगा) ने पोस्ट-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलकर टीम की कमियों पर बात की।

“स्पिनर्स का था ऑफ डे” – सलमान आगा

हार के बाद सलमान आगा ने कहा, “हमारे स्पिनर्स आज ऑफ डे पर थे। कुछ हिस्सों में एक्जीक्यूशन की कमी रही। हम अपने स्पिनर्स पर भरोसा करते हैं, क्योंकि पिछले छह महीनों में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है।”

उन्होंने माना कि गेंदबाजी में योजना के मुताबिक अमल नहीं हो पाया। खासकर मिडिल ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों ने खुलकर रन बनाए।

पावरप्ले बना टर्निंग पॉइंट

कप्तान ने बल्लेबाजी की कमजोरी को भी हार की बड़ी वजह बताया। “हमने पावरप्ले में बहुत सारे विकेट गंवा दिए। वही मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।” दरअसल, लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने सिर्फ 38 रन तक 4 विकेट गंवा दिए थे। शुरुआती झटकों से टीम उबर नहीं सकी और दबाव लगातार बढ़ता गया।

पिच पर क्या बोले कप्तान?

सलमान आगा के मुताबिक पहली पारी में पिच थोड़ी ‘टैकी’ थी और गेंद स्पिनर्स को मदद दे रही थी। “पहली पारी में गेंद ग्रिप कर रही थी, लेकिन दूसरी पारी में पिच बेहतर हो गई थी। फिर भी हम एक्जीक्यूशन में पीछे रह गए।”

उन्होंने यह भी कहा कि भारत-पाक जैसे बड़े मुकाबलों में भावनाएं चरम पर होती हैं, लेकिन टीम को ऐसे दबाव से निपटना आता है।

भारत की दमदार जीत

मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन भारत ने 20 ओवर में 175 रन का मजबूत स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। उस्मान खान ने 44 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सके। भारत की इस जीत के साथ सुपर 8 में उसकी जगह लगभग पक्की हो गई, जबकि पाकिस्तान के लिए अब आगे का रास्ता ‘करो या मरो’ जैसा हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *