KNEWS DESK – शनाया कपूर और आदर्श गौरव स्टारर फिल्म ‘तू या मैं’ 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। बिजॉय नाम्बियार के निर्देशन में बनी यह सर्वाइवल-थ्रिलर बॉक्स ऑफिस पर भले ही खास भीड़ जुटाने में सफल न रही हो, लेकिन बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर इस फिल्म से काफी प्रभावित नजर आए। उन्होंने फिल्म देखने के बाद सोशल मीडिया पर लंबा-चौड़ा रिव्यू शेयर कर टीम की जमकर तारीफ की।
करण जौहर ने अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए लिखा कि फिल्म का दूसरा हाफ इतना रोमांचक है कि दर्शक अपनी सीट से उछल पड़ेंगे। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब उनके लिए स्विमिंग पूल पहले जैसे नहीं रहेंगे। करण ने यह भी लिखा कि अगर आप वैलेंटाइन डे पर अपने पार्टनर के साथ फिल्म देखने जा रहे हैं, तो उन्हें ‘आर्मर’ पहनने को कहें, क्योंकि डर के मारे आप उनसे लिपट जाएंगे। उन्होंने यह भी जोड़ा कि फिल्म ने उन्हें इतना तनाव दिया कि उन्हें अपनी बीपी की दवा का अतिरिक्त डोज लेना पड़ा।
https://www.instagram.com/p/DUsOiKAiNmb/
करण जौहर ने निर्देशक बिजॉय नाम्बियार की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बेहतरीन तकनीकी कौशल और क्राफ्ट के साथ फिल्म में सस्पेंस और टेंशन को बरकरार रखा है। वहीं शनाया कपूर की परफॉर्मेंस की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें उनकी चॉइस और स्क्रीन प्रेजेंस पर गर्व है। करण ने आदर्श गौरव के अभिनय को भी दमदार बताया और कहा कि उन्होंने डर और सदमे को बेहद प्रभावी ढंग से पर्दे पर उतारा है।
फिल्म के प्रोड्यूसर आनंद एल राय और विनोद भानुशाली को भी करण जौहर ने बधाई दी और इसे ‘क्लटर ब्रेकर’ बताया। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि इस थ्रिलर को बड़े पर्दे पर जरूर देखें।