KNEWS DESK – मशहूर कॉमेडियन Rajpal Yadav पिछले कई सालों से 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। गुरुवार को उनकी बेल याचिका पर सुनवाई हुई, लेकिन उन्हें तिहाड़ जेल से राहत नहीं मिल पाई। हाईकोर्ट ने इस दौरान सख्त टिप्पणी भी की।
यह मामला सालों पहले रिलीज हुई फिल्म Ata Pata Lapata से जुड़ा है, जिसके बाद से राजपाल कानूनी पचड़े में फंसे हुए हैं।
इंडस्ट्री से मिल रहा साथ
राजपाल यादव के समर्थन में कई बड़े सितारे सामने आए हैं। Sonu Sood ने सबसे पहले सार्वजनिक रूप से मदद की अपील की थी। इसके बाद Salman Khan, Ajay Devgn, David Dhawan, Varun Dhawan और Anup Jalota समेत कई हस्तियों ने सहयोग का हाथ बढ़ाया।
हालांकि, उनके मैनेजर ने साफ किया कि आर्थिक मदद से जुड़ी रकम का खुलासा नहीं किया जा सकता, क्योंकि यह पारिवारिक और निजी मामला है।
प्रियदर्शन ने बढ़वाई फीस
अब इस सूची में फिल्ममेकर Priyadarshan का नाम भी जुड़ गया है। उन्होंने न सिर्फ राजपाल यादव को अपनी अगली फिल्म में कास्ट किया, बल्कि प्रोड्यूसर्स से उनकी फीस बढ़ाने की खास मांग भी की।
हाल ही में दिए इंटरव्यू में प्रियदर्शन ने बताया कि वह राजपाल को 20 साल से जानते हैं। उन्होंने पहली बार राजपाल को फिल्म Jungle में देखा था और उनकी परफॉर्मेंस से बेहद प्रभावित हुए थे। इसके बाद दोनों ने Maalamaal Weekly समेत कई फिल्मों में साथ काम किया।
प्रियदर्शन ने बताया कि अपनी नई कॉमेडी फिल्म जिसमें Pankaj Tripathi भी नजर आएंगे के लिए उन्होंने प्रोडक्शन हाउस ‘जुबली फिल्म्स’ से खास अनुरोध किया कि राजपाल को मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए तय फीस से ज्यादा भुगतान किया जाए। प्रोड्यूसर्स ने इस मांग को मान लिया।
इस बार निभाएंगे विलेन का किरदार
दिलचस्प बात यह है कि राजपाल यादव इस फिल्म में विलेन की भूमिका में नजर आएंगे। प्रियदर्शन ने कहा कि वह राजपाल की आर्थिक स्थिति से वाकिफ थे, इसलिए हर संभव मौके पर उन्हें काम दिलाने की कोशिश करते रहे, यहां तक कि एड फिल्मों के लिए भी उन्हें आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा, “राजपाल एक बेहतरीन कलाकार ही नहीं, बल्कि बहुत अच्छे इंसान भी हैं।”