रील का नशा बना मौत की वजह, सुसाइड सीन की रील बनाते समय फंदे में झूली माँ, चार साल के मासूम के सामने तड़प-तड़पकर तोड़ा दम

शिव शंकर सविता- सोशल मीडिया पर रील बनाने का जुनून एक और परिवार को उजाड़ गया। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बबेरू कस्बे से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 27 वर्षीय महिला की रील शूट करते समय मौत हो गई। महिला फांसी लगाने का सीन रिकॉर्ड कर रही थी, लेकिन अचानक फंदा कस गया और यह नाटक हकीकत में बदल गया। घटना बबेरू कस्बे के करूइया पुरवा इलाके की है। मृतका की पहचान मोहनी (27) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर मोहनी घर में अकेली थी, जबकि उसका पति जगदीश काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। इसी दौरान मोहनी ने मोबाइल पर रील बनाने का फैसला किया। उसने कमरे में लगे हुक पर रस्सी का फंदा डाला और मोबाइल कैमरा ऑन कर सुसाइड सीन शूट करने लगी।

फंदा डालते ही बिगड़ा संतुलन और हो गई मौत

रील के दौरान जैसे ही उसने गले में फंदा डाला, संतुलन बिगड़ गया या तकनीकी चूक हो गई, जिससे रस्सी अचानक कस गई। कुछ ही पलों में उसकी सांसें थम गईं। कुछ देर बाद जब उसकी चार साल की बेटी कमरे में पहुंची तो मां को फंदे से लटका देख चीख-पुकार मच गई। बच्ची की आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच में जुटी पुलिस

कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह रजावत ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला रील बनाते वक्त हुए हादसे का लग रहा है। बच्ची ने पुलिस को बताया कि उसकी मां मोबाइल पर रील देखकर वैसा ही वीडियो बनाने की कोशिश कर रही थी। हालांकि, परिजनों ने शिकायत में मौत का कारण अज्ञात बताया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मोबाइल को कब्जे में लेकर रिकॉर्ड की जा रही रील्स की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *