मुंबई को मिला नया मेयर-डिप्टी मेयर, BJP की रितु तावड़े महापौर, शिवसेना के संजय घाड़ी बने उपमहापौर

डिजिटल डेस्क- मुंबई वालों को आखिरकार नया महापौर और उपमहापौर मिल गया है। भारतीय जनता पार्टी ने वरिष्ठ नेता और सीनियर कॉर्पोरेटर रितु तावड़े को मुंबई महापौर पद का उम्मीदवार घोषित किया है। इसकी औपचारिक घोषणा बीजेपी मुंबई अध्यक्ष अमित साटम ने की। वहीं, उपमहापौर पद महायुति सहयोगी शिवसेना (शिंदे गुट) के खाते में गया है। शिवसेना ने संजय शंकर घाड़ी को डिप्टी मेयर पद का उम्मीदवार बनाया है। मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन चुनाव बीजेपी और शिवसेना ने गठबंधन के तहत लड़ा था। महायुति को कुल 118 सीटें मिलीं, जिनमें 89 सीटें बीजेपी और 29 सीटें शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के खाते में गई थीं। इसी समीकरण के आधार पर महापौर और उपमहापौर पद का बंटवारा किया गया है।

सीनियर कॉर्पोरेटर मानी जाती हैं रितु तावड़े

रितु तावड़े बीजेपी की सीनियर कॉर्पोरेटर मानी जाती हैं। संगठन और नगर राजनीति में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें पहले से ही महापौर पद की मजबूत दावेदार माना जा रहा था। रितु तावड़े ने साल 2012 में वार्ड नंबर 127 से जीत दर्ज कर राजनीति में कदम रखा था। इसके बाद 2017 में वह घाटकोपर के वार्ड नंबर 121 से और 2025 में वार्ड नंबर 132 से निर्वाचित हुईं। वे मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की एजुकेशन कमिटी की चेयरमैन भी रह चुकी हैं। वहीं, उपमहापौर बनाए गए संजय शंकर घाड़ी 57 वर्षीय अनुभवी नेता हैं और दहिसर के वार्ड नंबर 5 से कॉर्पोरेटर हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा बीएमसी स्कूल से ली और सिद्धार्थ कॉलेज से बी.कॉम. की डिग्री हासिल की।

संजय घाड़ी का पुराना नाता है राजनीति से

राजनीतिक रूप से संजय घाड़ी का सफर भी खासा दिलचस्प रहा है। वे कभी MNS प्रमुख राज ठाकरे के करीबी साथी माने जाते थे और भारतीय विद्यार्थी सेना के समय से उनके साथ जुड़े रहे। MNS से चुनाव लड़ने के बाद वे उद्धव ठाकरे की शिवसेना में शामिल हुए और वहां से कॉर्पोरेटर बने। अप्रैल 2025 में उन्होंने अपनी पत्नी संजना घाड़ी के साथ उद्धव गुट छोड़कर एकनाथ शिंदे की शिवसेना जॉइन की थी। अब उन्हें मुंबई का उपमहापौर बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *