मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, एअर इंडिया और इंडिगो विमानों के विंग्स टकराए

KNEWS DESK- छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एअर इंडिया और इंडिगो एयरलाइंस के दो विमानों के पंख आपस में टकरा गए। यह घटना ग्राउंड मूवमेंट के दौरान हुई, जब एक विमान टेक-ऑफ की तैयारी में था और दूसरा लैंडिंग के बाद टैक्सी कर रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एअर इंडिया का विमान पुशबैक प्रक्रिया में था, जबकि इंडिगो का विमान रनवे से हटकर टैक्सीवे पर आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान दोनों विमानों के विंगटिप्स आपस में टकरा गए। घटना के वक्त दोनों विमानों में यात्री सवार थे, जिससे कुछ देर के लिए यात्रियों और एयरपोर्ट स्टाफ में चिंता का माहौल बन गया।

हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री या क्रू मेंबर के घायल होने की सूचना नहीं है। टक्कर के तुरंत बाद अधिकारियों ने दोनों विमानों को रोक दिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और दोनों एयरलाइंस की तकनीकी टीमों ने जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह टक्कर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के निर्देशों में किसी चूक, ग्राउंड हैंडलिंग की गलती या किसी तकनीकी कारण से हुई। यात्रियों को उनकी मंज़िल तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था की जा रही है।

एअर इंडिया ने बताया कि मुंबई से कोयंबटूर जाने वाली फ्लाइट AI2732 टेक-ऑफ से पहले टैक्सीवे पर इंतज़ार कर रही थी, तभी सर्विस के लिए तय विमान का विंगटिप दूसरी एयरलाइन के विमान से टकरा गया। टक्कर में विमान के पंख को नुकसान पहुंचा है, जिसके बाद एहतियातन विमान को आगे की तकनीकी जांच के लिए ग्राउंडेड कर दिया गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है और रेगुलेटर को घटना की जानकारी दे दी गई है।

इंडिगो की ओर से जारी बयान में कहा गया कि 3 फरवरी को हैदराबाद से मुंबई आई फ्लाइट 6E 791 का विमान लैंडिंग के बाद टैक्सी करते समय दूसरी एयरलाइन के विमान से टकरा गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं और पार्किंग के बाद उन्हें उतार लिया गया। विमान का मेंटेनेंस इंस्पेक्शन किया जा रहा है और प्रोटोकॉल के अनुसार संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।

इस घटना ने एक बार फिर देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक पर विमान सुरक्षा और ग्राउंड ऑपरेशंस को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, हालांकि समय रहते बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *