भारत अब ईरान की बजाय वेनेजुएला से खरीदेगा तेल, ट्रंप का दावा, डेल्सी रोड्रिग्ज ने पीएम मोदी से की बात

KNEWS DESK- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि भारत अब ईरान से तेल खरीदने की बजाय वेनेजुएला से कच्चा तेल खरीदेगा। ट्रंप ने यह बात शनिवार को एयर फोर्स वन में फ्लोरिडा जाते समय पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने इस बारे में पहले ही एक तरह की डील का कॉन्सेप्ट तैयार कर लिया है।

भारत लंबे समय से ईरान से कच्चा तेल खरीदता रहा है। इसका कारण था कि ईरानी तेल सस्ता और भारतीय रिफाइनरी सिस्टम के अनुकूल था। लेकिन अमेरिका द्वारा ईरान पर लगाए गए प्रतिबंधों की वजह से भारत अब ईरान से बड़ी मात्रा में तेल नहीं खरीद पा रहा है। ट्रंप के अनुसार, अब भारत वेनेजुएला की ओर देख रहा है।

मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने वेनेजुएला की सत्ता पर प्रभाव बना लिया है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की सहयोगी डेल्सी रोड्रिग्ज को अंतरिम नेता के तौर पर रहने की अनुमति दी गई है, क्योंकि वह अमेरिका की शर्तों का पालन करेंगी।

इस बीच, वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की। इस बातचीत में ऊर्जा, व्यापार और निवेश सहित विभिन्न द्विपक्षीय सहयोग के मुद्दों पर चर्चा हुई। यह अमेरिका की सैन्य कार्रवाई और मादुरो की गिरफ्तारी के बाद वेनेजुएला की ओर से भारत के साथ पहला हाई-लेवल संपर्क था।

फोन कॉल के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने भविष्य में भारत-वेनेजुएला संबंधों को और मजबूत बनाने पर सहमति जताई है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि बातचीत में व्यापार, ऊर्जा, डिजिटल टेक्नोलॉजी, स्वास्थ्य, कृषि और लोगों के आपसी संपर्क जैसे कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

यह कदम भारत की ऊर्जा रणनीति और वैश्विक राजनीति दोनों के लिहाज से अहम माना जा रहा है, क्योंकि यह वैश्विक तेल सप्लाई चेन और देशों के बीच गठजोड़ में बदलाव का संकेत देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *