KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘ओ रोमियो’ को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। फिल्म की रिलीज से पहले शाहिद जोर-शोर से प्रमोशन में जुटे हुए हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म में पहली बार शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की फ्रेश जोड़ी बड़े पर्दे पर नजर आने वाली है। इसी बीच एक इंटरव्यू में शाहिद कपूर ने बॉलीवुड के बदलते दौर, कंटेंट और मार्केटिंग कल्चर पर खुलकर अपनी राय रखी है।

बॉलीवुड में आ रहे बदलावों पर क्या बोले शाहिद?
शाहिद कपूर हाल ही में प्रखर गुप्ता के पॉडकास्ट में नजर आए, जहां उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में हो रहे बदलावों पर खुलकर बात की। एक्टर ने कहा कि आज के दौर में दर्शकों का ध्यान बनाए रखना बॉलीवुड के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है। लोगों के पास कंटेंट की भरमार है और उनका फोकस बहुत जल्दी टूट जाता है।
‘ऑडियंस अब एक जैसी फिल्मों से बोर हो चुकी है’
शाहिद कपूर ने साफ शब्दों में कहा, “बॉलीवुड में जितनी अच्छी फिल्में बननी चाहिए, उतनी बन नहीं रही हैं। इसी वजह से दर्शक अपना सब्र खो रहे हैं। उन्हें हर बार कुछ नया चाहिए। एक जैसे कंटेंट को देखकर ऑडियंस बोर हो चुकी है।”
एक्टर ने आगे कहा कि यह कहना गलत होगा कि लोग फिल्में देखना नहीं चाहते, बल्कि असल दिक्कत यह है कि इंडस्ट्री दर्शकों को वो मसाला और नया अनुभव देने में कहीं न कहीं चूक रही है।
मार्केटिंग कल्चर पर भी रखी बेबाक राय
शाहिद कपूर ने फिल्म इंडस्ट्री में बढ़ती मार्केटिंग को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि स्टेज पर मिलने वाला सच्चा प्यार और तालियां किसी भी कलाकार के लिए बेहद खास होती हैं। “जब लोग दिल से आपको खास मानते हैं, तो वो एहसास बहुत खूबसूरत होता है। लेकिन जब इसमें बनावट और दिखावा आ जाता है, तो वही फीलिंग फीकी पड़ जाती है।”
शाहिद ने यह भी कहा कि आज हर किसी को मार्केटिंग करनी पड़ती है, लेकिन सवाल यह है कि इसकी एक सीमा होनी चाहिए। कब मार्केटिंग जरूरी है और कब वह जरूरत से ज्यादा हो जाती है, यह इंसान की सोच और नैतिकता पर निर्भर करता है।
कब रिलीज होगी ‘ओ रोमियो’?
शाहिद कपूर की फिल्म ‘ओ रोमियो’ 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। फिल्म में शाहिद कपूर के अलावा तृप्ति डिमरी, नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, विक्रांत मैसी, तमन्ना भाटिया, फरीदा जलाल और दिशा पाटनी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।