KNEWS DESK – संसद के बजट सत्र के पहले दिन सदन में अजित पवार के निधन की खबर ने शोक का माहौल बना दिया। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सदस्यों को जानकारी देते हुए कहा कि अजित पवार बारामती से 10वीं लोकसभा के सदस्य थे और छह बार महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री रहे। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार में कैबिनेट और राज्यमंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा, अजित पवार आठ बार महाराष्ट्र विधानसभा के सदस्य भी रह चुके थे।
स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि अजित पवार ने अपने सामाजिक जीवन में लंबे समय तक महाराष्ट्र और देश की सेवा की और उनका जीवन हमेशा जनता के लिए समर्पित रहा। उन्होंने यह भी बताया कि अजित पवार का निधन आज बारामती में हुए विमान हादसे में हुआ।
इसके साथ ही स्पीकर ने लोकसभा के पांच अन्य पूर्व सदस्यों के निधन की सूचना भी दी। इनमें महाराष्ट्र की सांगली सीट से सातवीं लोकसभा की सदस्य शालिनी पाटिल शामिल हैं, जिनका 20 दिसंबर 2025 को 92 वर्ष की उम्र में मुंबई में निधन हुआ। इसके अलावा राजस्थान के नागौर से पूर्व सांसद भानुप्रकाश मिर्धा, असम के कोकराझार से सत्येंद्रनाथ ब्रह्म चौधरी, पुणे से पूर्व सांसद सुरेश कलमाड़ी और असम के सिलचर से पूर्व सांसद कवींद्र पुरकायस्थ का भी निधन हो चुका है।
स्पीकर ने इन सभी नेताओं के निधन की सूचना के बाद सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी। इससे पहले, राष्ट्रपति ने दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित किया।