KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश में कैबिनेट विस्तार की अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर हाल ही में भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ इस मामले पर लंबी बैठक हुई थी।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से आज मुलाकात कर सकते हैं। यह उनके बीच पहली औपचारिक बैठक होगी। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस मुलाकात के दौरान कैबिनेट विस्तार और संगठनात्मक समायोजन पर भी चर्चा हो सकती है। हालांकि, पार्टी की तरफ से अभी इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
साथ ही बताया जा रहा है कि सोमवार को मुख्यमंत्री योगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से भी मुलाकात कर सकते हैं। यह बैठक भी औपचारिक मानी जा रही है और इसमें कैबिनेट विस्तार से जुड़े मसलों पर राय-मशविरा होने की संभावना है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा के संगठन में नवनियुक्त अध्यक्ष पंकज चौधरी के आने के बाद नेताओं का नया समायोजन होना जरूरी था। इसके तहत पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और अन्य नेताओं के साथ नई कैबिनेट में कई नए चेहरों को शामिल किए जाने की संभावनाएं हैं।
उत्तर प्रदेश में कैबिनेट विस्तार की प्रक्रिया अब कई महत्वपूर्ण बैठकों और पार्टी के उच्चस्तरीय समन्वय के बाद ही अंतिम रूप लेगी।