सर्दियों में ठंडे पानी से नहाना हाई बीपी और डायबिटीज मरीजों के लिए कितना सुरक्षित? जानें एक्सपर्ट की राय

KNEWS DESK- सर्दियों का मौसम शुरू होते ही ज्यादातर लोग गुनगुने पानी से नहाना पसंद करते हैं, लेकिन कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जिन्हें ठंडे पानी से नहाने की आदत होती है। उनका मानना है कि इससे शरीर ज्यादा फ्रेश रहता है और आलस दूर होता है। हालांकि, हर व्यक्ति की सेहत एक जैसी नहीं होती। खासतौर पर हाई ब्लड प्रेशर (High BP) और डायबिटीज जैसी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए सर्दियों में नहाने का तरीका बेहद अहम हो जाता है।

ऐसे में सवाल उठता है कि क्या हाई बीपी और डायबिटीज के मरीजों को सर्दियों में ठंडे पानी से नहाना चाहिए या नहीं? आइए जानते हैं डॉक्टर क्या सलाह देते हैं।

क्या हाई बीपी और डायबिटीज के मरीजों को ठंडे पानी से नहाना चाहिए?

लेडी हार्डिंग हॉस्पिटल के डॉ. एल.एच. घोटेकर के अनुसार, सर्दियों में हाई बीपी और डायबिटीज के मरीजों के लिए ठंडे पानी से नहाना आमतौर पर सुरक्षित नहीं माना जाता। ठंडा पानी शरीर के संपर्क में आते ही ब्लड सर्कुलेशन में अचानक बदलाव ला सकता है। इससे शरीर को तुरंत एडजस्ट करना पड़ता है, जो इन मरीजों के लिए जोखिम भरा हो सकता है।

ठंडे पानी से नहाने पर कुछ लोगों को चक्कर आना, घबराहट, बेचैनी या कमजोरी महसूस हो सकती है। अचानक ठंड लगने से शरीर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर लेवल असंतुलित हो सकता है। जिन मरीजों का बीपी या शुगर पहले से कंट्रोल में नहीं रहता, उनके लिए खतरा और भी बढ़ जाता है।

डॉक्टरों के अनुसार, ऐसे मरीजों को सर्दियों में गुनगुने पानी से नहाना ज्यादा सुरक्षित रहता है। इससे शरीर धीरे-धीरे तापमान के अनुसार ढलता है और किसी तरह की परेशानी का खतरा कम हो जाता है।

सर्दियों में नहाते समय कौन-सी सावधानियां बरतें?

हाई बीपी और डायबिटीज के मरीजों को सर्दियों में नहाते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए—

  • नहाने से पहले शरीर को अचानक ठंडे माहौल में न ले जाएं।
  • अगर बाथरूम बहुत ठंडा है, तो कुछ समय लेकर शरीर को मौसम के अनुसार ढालें।
  • बहुत ज्यादा ठंडे या बहुत गर्म पानी से नहाने से बचें।
  • कमजोरी, थकान या खाली पेट न नहाएं।
  • नहाते समय अगर चक्कर, घबराहट या सांस लेने में दिक्कत हो, तो तुरंत नहाना बंद कर दें।

हाई बीपी और डायबिटीज में ये बातें भी हैं जरूरी

  • रोजाना ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच करें।
  • समय पर दवाइयों का सेवन करें और डॉक्टर की सलाह का पालन करें।
  • संतुलित आहार लें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।
  • किसी भी असामान्य लक्षण पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

सर्दियों में हाई बीपी और डायबिटीज के मरीजों को ठंडे पानी से नहाने से बचना चाहिए। गुनगुना पानी न सिर्फ सुरक्षित है, बल्कि शरीर को आराम भी देता है। छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर इन बीमारियों में बड़े जोखिम से बचा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *