वीर बाल दिवस पर 20 बच्चों को मिलेगा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार, राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी शामिल रहेंगे

KNEWS DESK- वीर बाल दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को 20 प्रतिभाशाली बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित करेंगी। ये बच्चे देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चुने गए हैं। पुरस्कार समारोह का आयोजन दिल्ली के विज्ञान भवन में सुबह 11 बजे किया जाएगा।

इसके बाद दोपहर 12:30 बजे दिल्ली के भारत मंडपम में वीर बाल दिवस का मुख्य कार्यक्रम होगा, जिसमें बाल पुरस्कार विजेता बच्चों के साथ-साथ देशभर से आए स्कूली छात्र शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बच्चों और युवाओं को संबोधित करेंगे।

वीर बाल दिवस सिखों के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह के चारों पुत्रों—अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह और फतेह सिंह—की शहादत की स्मृति में मनाया जाता है। इन्हें साहिबजादे कहा जाता है। 26 दिसंबर 1705 को मुगल सेना के अत्याचारों के खिलाफ साहस दिखाते हुए चारों ने अपना बलिदान दिया था। उनकी वीरता और त्याग को सम्मान देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 में 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।

केंद्र सरकार ने वर्ष 1996 में राष्ट्रीय बाल पुरस्कार की शुरुआत की थी। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा यह पुरस्कार विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धि हासिल करने वाले बच्चों को दिया जाता है। पुरस्कार प्राप्त करने वाले बच्चों को हर साल कर्तव्यपथ पर गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने का अवसर भी मिलता है।

पहले यह पुरस्कार छह श्रेणियों में दिया जाता था, जिनमें कला एवं संस्कृति, बहादुरी, नवाचार, शिक्षा, सामाजिक सेवा और खेल शामिल थे। अब इसमें विज्ञान और प्रौद्योगिकी को भी जोड़ा गया है। इस तरह अब कुल सात श्रेणियों में बच्चों को सम्मानित किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *