फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र की हालत नाजुक, वेंटिलेटर में चल रहा है इलाज, मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हैं भर्ती

डिजिटल डेस्क- बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और सदी के ही-मैन धर्मेंद्र की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। 89 वर्षीय धर्मेंद्र को सांस लेने में दिक्कत के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उन्हें ICU में एडमिट किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी देखरेख कर रही है। धर्मेंद्र के पूरे परिवार को अस्पताल बुला लिया गया है, जबकि खबरें यह भी हैं कि उनकी बेटियों को अमेरिका से वापस बुलाया जा रहा है। धर्मेंद्र का परिवार लगातार अस्पताल में मौजूद है। उनकी पत्नी और मशहूर अभिनेत्री हेमा मालिनी भी अस्पताल में हैं और डॉक्टरों से लगातार संपर्क में बनी हुई हैं। कुछ दिनों पहले हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर फैंस को आश्वस्त करते हुए बताया था कि धर्मेंद्र की तबीयत में सुधार है, लेकिन अब खबरें हैं कि उनकी स्थिति फिर से चिंताजनक हो गई है।

हिंदी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक है धर्मेंद्र

धर्मेंद्र बॉलीवुड के उन चुनिंदा कलाकारों में से हैं जिन्होंने छह दशक से अधिक का लंबा करियर देखा है। उनकी फिल्में शोले, चुपके चुपके, सीता और गीता, यादों की बारात, धरम वीर और शराबी आज भी लोगों के दिलों में बसी हैं। वह हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय और फिट सितारों में गिने जाते हैं। हालांकि उम्र बढ़ने के साथ बीते कुछ वर्षों में उनकी तबीयत में गिरावट देखी जा रही है। धर्मेंद्र अक्सर सोशल मीडिया पर एक्टिव रहते हैं और अपने फैंस से भावनात्मक जुड़ाव बनाए रखते हैं।

8 दिसंबर को है धर्मेंद्र का 90वां जन्मदिन

हाल ही में उन्होंने अपने फार्महाउस से वीडियो शेयर कर कहा था कि वे जल्दी ठीक होकर फिर से फैंस से मिलना चाहते हैं। अब जब उनकी तबीयत बिगड़ी है, तो सोशल मीडिया पर #GetWellSoonDharmendra ट्रेंड करने लगा है। देशभर के फैंस और सेलेब्रिटीज उनके जल्दी स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। 8 दिसंबर को धर्मेंद्र अपना 90वां जन्मदिन मनाने वाले हैं, लेकिन उससे पहले उनकी बिगड़ती हालत ने सभी को चिंतित कर दिया है। फिल्म इंडस्ट्री में उनके सहयोगी और प्रशंसक लगातार अस्पताल से अपडेट ले रहे हैं।