प्रियंका गांधी का मोदी सरकार पर हमला, बोलीं- प्रधानमंत्री अपमान मंत्रालय खोल लें….

डिजिटल डेस्क- बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान के बीच कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी सरकार पर करारा हमला बोला है। पश्चिम चंपारण में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हर दो दिन में किसी न किसी बात का “अपमान” ढूंढ लेते हैं, इसलिए उन्हें “अपमान मंत्रालय” खोल लेना चाहिए। प्रियंका गांधी ने अपने भाई और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का बचाव करते हुए कहा, “मेरे भाई ने ऐसा कुछ नहीं कहा जिससे सेना का अपमान हो। राहुल गांधी देशभक्त हैं, सेना का सम्मान करते हैं और देश के लिए लड़ते हैं। जो लोग उनसे डरते हैं, वे ही उनके खिलाफ झूठ फैलाते हैं।” उन्होंने कहा कि राहुल गांधी निडर हैं, सच बोलते हैं और सच्चाई को जनता के सामने लाते रहेंगे।

विपक्ष ने कई राज्यों को में वोट चोरी की शिकायतें उठाई हैं- प्रियंका गांधी

कांग्रेस नेता ने कहा कि विपक्ष ने कई राज्यों में वोट चोरी की शिकायतें उठाई हैं और अब बिहार में भी निष्पक्ष चुनाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं। प्रियंका ने कहा कि अगर वोट चोरी, नाम काटने और फर्जी वोट जोड़ने के जरिए सरकार बनाई जा रही है तो यह लोकतंत्र नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि अगर चुनाव निष्पक्ष नहीं हुआ तो जनता का भरोसा टूटेगा और लोकतांत्रिक व्यवस्था खतरे में पड़ जाएगी। पश्चिम चंपारण के बाद प्रियंका गांधी ने चनपटिया में भी जनसभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और शिक्षा की गिरती स्थिति पर जवाब देने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपराध, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे मुद्दों से ज़्यादा कांग्रेस और आरजेडी के पोस्टरों में तस्वीरों के साइज को लेकर परेशान रहते हैं। उन्हें राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की तस्वीरों की चिंता है, लेकिन जनता की नहीं।

अंबानी-अडानी के करोड़ों के कर्ज कर दिये जाते माफ

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह मोदी जी का साम्राज्य है, जहां आम लोगों के कर्ज माफ नहीं होते, लेकिन अंबानी-अडानी के करोड़ों के कर्ज माफ कर दिए जाते हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि बिहार की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है, रोजगार खत्म हो गया है, और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।