Supermoon November 2025: देव दीपावली की रात नजर आएगा साल का सबसे बड़ा और चमकीला सुपरमून, जानिए कब और कहां दिखेगा?

KNEWS DESK- इस बार कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली का संगम एक अनोखा खगोलीय दृश्य लेकर आया है। बुधवार, 5 नवंबर 2025 की रात आसमान में ऐसा दुर्लभ नजारा देखने को मिलेगा जिसे देखना किसी सौभाग्य से कम नहीं होगा। इस रात चांद धरती के बेहद करीब होगा और अपनी सामान्य चमक से कहीं ज्यादा उज्ज्वल और बड़ा नजर आएगा। यही कारण है कि इसे सुपरमून (Supermoon) कहा जाता है।

साल का सबसे बड़ा और चमकीला सुपरमून

देव दीपावली की पावन रात इस साल के सबसे बड़े सुपरमून की साक्षी बनेगी। ज्योतिष और खगोल विज्ञान के अनुसार, यह चंद्रमा सामान्य पूर्णिमा की तुलना में लगभग 6 से 7 प्रतिशत बड़ा और 16 से 30 प्रतिशत अधिक चमकीला दिखाई देगा।
हालांकि, 4 दिसंबर 2025 को भी सुपरमून दिखेगा, लेकिन वह इस बार जितना विशाल और उज्ज्वल नहीं होगा। इसके बाद अगला सुपरमून नवंबर 2026 में ही दिखाई देगा।

क्या होता है सुपरमून?

सुपरमून तब होता है जब पूर्णिमा (Full Moon) के दौरान चंद्रमा अपनी कक्षा में पृथ्वी के सबसे नजदीक बिंदु (Perigee) पर होता है। इस स्थिति में चंद्रमा पृथ्वी से अधिक बड़ा और चमकीला दिखाई देता है। इस खगोलीय घटना को “Perigee Full Moon” भी कहा जाता है। वैज्ञानिक रूप से देखा जाए तो यह घटना चंद्रमा और पृथ्वी के बीच गुरुत्वीय दूरी में मामूली परिवर्तन के कारण होती है, लेकिन इसका दृश्य प्रभाव बेहद आकर्षक और मनमोहक होता है।

5 नवंबर 2025 को सुपरमून कब और कहां दिखेगा

भारत के विभिन्न शहरों में चांद के उदय का समय अलग-अलग होगा। दिल्ली समेत उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में चंद्रमा शाम के समय पूर्व दिशा में अपनी अद्भुत आभा के साथ दिखाई देगा।

शहरचंद्रोदय का समय
दिल्ली5:11 बजे शाम
नोएडा5:09 बजे शाम
वाराणसी4:55 बजे शाम
मुंबई5:46 बजे शाम
लखनऊ5:00 बजे शाम
जयपुर5:20 बजे शाम
पटना4:43 बजे शाम
कानपुर5:01 बजे शाम
लुधियाना5:12 बजे शाम
अहमदाबाद5:41 बजे शाम
चेन्नई5:25 बजे शाम
भोपाल5:17 बजे शाम
चंडीगढ़5:09 बजे शाम

आस्था और विज्ञान का संगम

इस बार देव दीपावली की रात बनारस, प्रयागराज और हरिद्वार जैसे तीर्थों में गंगा तटों पर दीपों की अनगिनत कतारें जलेंगी और ऊपर आसमान में चमकेगा जगमगाता सुपरमून आस्था, विज्ञान और सुंदरता का अद्भुत संगम। काशी के घाटों पर जब हज़ारों दीप जलेंगे और गंगा आरती की गूंज के बीच पूर्ण चंद्र का यह अलौकिक दृश्य दिखाई देगा, तो यह दृश्य मानो धरती पर स्वर्ग उतर आने जैसा प्रतीत होगा।

तो इस देव दीपावली की रात, ज़रूर निहारिए आसमान क्योंकि 5 नवंबर 2025 की यह सुपरमून रात हर किसी की यादों में हमेशा के लिए बस जाएगी।