पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव का बीजेपी पर बड़ा आरोप, “भाजपा विधायक गरीबों की जमीन पर कब्जा कर रहे“

डिजिटल डेस्क- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और विधायक शिवपाल सिंह यादव ने सोमवार को बदायूं दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से जनता परेशान है और अब 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। अखिलेश यादव एक बार फिर मुख्यमंत्री बनेंगे। शिवपाल यादव बदायूं में आयोजित कई कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने समाजवादी व्यापार सभा के कार्यालय का उद्घाटन किया और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान जिले के व्यापारी वर्ग और सपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ मौजूद रही। शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा व्यापारियों का सम्मान करती है और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “व्यापारी वर्ग प्रदेश की आर्थिक रीढ़ है, और समाजवादी सरकार हमेशा इनके हितों की रक्षा के लिए काम करेगी।

बिल्सी विधानसभा विधायक पर लगाया आरोप

बीजेपी विधायकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए शिवपाल यादव ने कहा, “बिल्सी से जो विधायक हैं, वह गरीबों की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। उनका लेखपाल भाई भी यही काम कर रहा है। दातागंज में भी यही हाल है।” उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में आम जनता, किसान और व्यापारी सभी शोषण का शिकार हो रहे हैं। शिवपाल यादव ने आगे कहा कि भाजपा सिर्फ झूठे वादों और धर्म के नाम पर राजनीति कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब भाजपा का असली चेहरा पहचान चुकी है। आने वाले चुनावों में जनता भाजपा को करारा जवाब देगी। लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि “यहां से जो भाजपा प्रत्याशी चुनाव लड़े थे, वे जनता की सेवा करने नहीं, बल्कि चंदा एकत्र करने आए थे। चंदा लेकर चले गए, लेकिन जनता की समस्याओं का कभी हल नहीं किया।”

कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव, सहसवान विधायक ब्रजेश यादव, सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव और मोहित पांडेय सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने शिवपाल यादव का जोरदार स्वागत किया। शिवपाल यादव के इस दौरे को बदायूं में सपा संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, सपा अब 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए व्यापारी वर्ग और ग्रामीण इलाकों में अपने जनसंपर्क अभियान को तेज कर रही है।