KNEWS DESK- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से केरल के चार दिवसीय दौरे पर रहेंगी। राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, उनका यह दौरा 21 से 24 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। इस दौरान राष्ट्रपति धार्मिक स्थलों पर दर्शन के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगी।
राष्ट्रपति मुर्मू 21 अक्टूबर की शाम को केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम पहुंचेंगी। यहां राज्य सरकार और प्रशासन की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा। दौरे के दूसरे दिन, यानी 22 अक्टूबर, राष्ट्रपति सबरीमाला स्थित भगवान अयप्पा मंदिर में दर्शन करेंगी और आरती में शामिल होंगी। यह ऐतिहासिक मंदिर दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों में से एक है।
23 अक्टूबर को राष्ट्रपति मुर्मू तिरुवनंतपुरम स्थित राजभवन में भारत के पूर्व राष्ट्रपति के. आर. नारायणन की प्रतिमा का अनावरण करेंगी। इसके बाद वे वर्कला में स्थित शिवगिरी मठ पहुंचेंगी, जहां वे महासंत श्री नारायण गुरु की महासमाधि के शताब्दी वर्ष के उद्घाटन समारोह का शुभारंभ करेंगी। यह आयोजन सामाजिक सुधार और आध्यात्मिक जागरण से जुड़े विचारों को समर्पित है। उसी दिन राष्ट्रपति पलई के सेंट थॉमस कॉलेज के प्लैटिनम जुबिली (75 वर्ष) समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी और विद्यार्थियों को संबोधित करेंगी।
अपने दौरे के अंतिम दिन राष्ट्रपति एर्नाकुलम स्थित सेंट टेरेसा कॉलेज के 100वें स्थापना वर्ष के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगी। यह कॉलेज राज्य के प्रतिष्ठित महिला शिक्षण संस्थानों में से एक है।
केरल दौरे से एक दिन पहले, सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति ने इस मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में मुझसे मुलाकात की और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।”