KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज झांसी के दौरे पर आकर कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की समीक्षा की और खिलाड़ियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह झांसी के कन्वेंशन सेंटर परिसर में बनाए गए विशेष हेलीपैड पर उतरा, जहां से वे सीधे भानू देवी गोयल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज पहुंचे।
विद्यालय में आयोजित विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय खेलकूद समारोह में मुख्यमंत्री ने विजेता टीमों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में छात्रों में उत्साह और जोश देखने को मिला। अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि खेलों के माध्यम से न केवल युवाओं में अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित होता है, बल्कि ये राष्ट्र निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री का काफिला वापस कन्वेंशन सेंटर पहुंचा, जहां उन्होंने 30 करोड़ रुपए की लागत से बने अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन किया। यह सेंटर झांसी की सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए एक प्रमुख स्थल के रूप में विकसित किया गया है।
कन्वेंशन सेंटर में एक घंटे चली समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने झांसी के अधिकारियों के साथ जिले की विकास योजनाओं, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि योजनाओं के लाभ आम जनता तक समयबद्ध तरीके से पहुंचने चाहिए।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह झांसी का 21वां दौरा था। अपने दूसरे कार्यकाल में यह चौथी बार है जब वे झांसी आए हैं। इससे पहले 11 मार्च 2025 को मुख्यमंत्री ने क्राफ्ट मेला मैदान में ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना’ के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया था।