भारत ने प्रस्तुत किया 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी का प्रस्ताव, सहमति के बाद अहमदाबाद में हो सकता है राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन

डिजिटल डेस्क- वर्ष 2030 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन की मेजबानी के लिए भारत ने अपना औपचारिक दावा पेश कर दिया। लंदन में राष्ट्रमंडल खेलों की मूल्यांकन समिति के समक्ष यह प्रस्तुति दी गई। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गुजरात सरकार के खेल मंत्री हर्ष संघवी और भारतीय ओलंपियन एवं सीजीए इंडिया की अध्यक्ष डॉ. पी. टी. उषा ने किया। इस अवसर पर भारतीय प्रतिनिधिमंडल में हरि रंजन राव (सचिव, खेल विभाग), केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय के प्रतिनिधि अश्विनी कुमार, गुजरात सरकार के प्रधान सचिव (खेल, युवा और सांस्कृतिक गतिविधियां) बंछा निधि पाणि, अहमदाबाद नगर निगम के आयुक्त, भारतीय राष्ट्रमंडल खेल संघ के सीईओ रघुराम अय्यर, कार्यकारी बोर्ड सदस्य लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह और अजय नारंग (ईए टू प्रेसिडेंट, सीजीए) भी शामिल रहे।

राष्ट्रमंडल खेल पूरे देश के लिए गौरव का विषय

गुजरात के खेल मंत्री हर्ष संघवी ने कहा, “अहमदाबाद में शताब्दी राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन न केवल गुजरात, बल्कि पूरे भारत के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण होगा। ये खेल हमारे युवाओं को प्रेरित करेंगे, 2047 के विकसित भारत की दिशा में हमारी यात्रा को गति देंगे और आने वाले सौ वर्षों तक राष्ट्रमंडल आंदोलन को नई ऊर्जा देंगे।

वहीं भारतीय राष्ट्रमंडल खेल संघ की अध्यक्ष डॉ. पी. टी. उषा ने भी इस अवसर पर अहमदाबाद की दावेदारी को मज़बूत बताते हुए कहा, “भारत की दावेदारी केवल क्षमता पर आधारित नहीं, बल्कि मूल्यों पर आधारित है। अहमदाबाद ग्लासगो 2026 के बाद अगली ज़िम्मेदारी निभाने और 2034 के आयोजनों के लिए आधारशिला रखने के लिए तैयार है। शताब्दी संस्करण अतीत का सम्मान करते हुए भविष्य को आकार देगा।

अहमदाबाद को है बड़े खेलों के आयोजन का अनुभव

बताते चलें कि 2030 का राष्ट्रमंडल खेल ऐतिहासिक महत्व रखता है क्योंकि यह आयोजन राष्ट्रमंडल आंदोलन के 100 वर्ष पूरे होने का प्रतीक होगा। अहमदाबाद को इस शताब्दी आयोजन का मेजबान शहर प्रस्तावित किया गया है। यह शहर अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन स्थलों, आधुनिक परिवहन प्रणालियों और उच्च-गुणवत्ता वाले आवास सुविधाओं से लैस है। अहमदाबाद का खेल आयोजन का अनुभव पहले ही कई मौकों पर साबित हो चुका है। आईसीसी क्रिकेट विश्व कप, इंडियन प्रीमियर लीग और 2022 के राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन यहां की तैयारियों का प्रमाण है। भविष्य में भी शहर कई बड़े आयोजनों की मेजबानी करेगा जिनमें एशियाई एक्वेटिक्स चैंपियनशिप 2025, एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप 2026 और विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेल 2029 शामिल हैं। इन अनुभवों से 2030 तक भारत को वैश्विक स्तर पर परिचालन दक्षता हासिल होगी।