मथुराः पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव के लिए तैयार मथुरा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे मुख्य अतिथि

डिजिटल डेस्क- भारतीय जनता पार्टी के प्रेरणा स्रोत पंडित दीनदयाल उपाध्याय के स्मृति महोत्सव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। फरह क्षेत्र के नगला चंद्रभान, जो पंडित दीनदयाल उपाध्याय का पैतृक गांव है, में यह भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। स्मृति महोत्सव को लेकर पूरे गांव में विशेष उत्साह है और प्रशासन ने भी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आपको बता दें कि कार्यक्रम 19 सितंबर से 25 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, विभिन्न प्रतियोगिताओं और मेले का आयोजन किया जाएगा। नगला चंद्रभान में विशाल मेले की तैयारियां भी जोरों पर हैं। गुरुवार को जिला प्रशासन और आगरा मंडल कमिश्नर ने तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

11:05 पर नगला चंद्रभाव हेलीपैड में उतरेगा सीएम योगी का उड़नखटोला

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को स्मृति महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार उनका हेलीकॉप्टर सुबह 11:05 बजे नगला चंद्रभान हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद 11:15 बजे वे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे और स्मृति महोत्सव को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री का प्रवास संक्षिप्त रहेगा और दोपहर 12:55 बजे वे ग्रेटर नोएडा के लिए रवाना हो जाएंगे। सीएम के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी तैनात की जाएगी। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की रणनीति तय की गई है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के पैतृक गांव में स्मृति महोत्सव न सिर्फ भाजपा के लिए राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह सांस्कृतिक रूप से भी पूरे ब्रज क्षेत्र का एक बड़ा आयोजन माना जा रहा है।