KNEWS DESK- चीनी मनोरंजन उद्योग से एक दुखद खबर सामने आई है। प्रसिद्ध अभिनेता और गायक एलन यू मेंगलोंग का गुरुवार, 11 सितंबर को 37 वर्ष की उम्र में एक इमारत से गिरने के कारण निधन हो गया। इस खबर की पुष्टि उनकी प्रबंधन टीम ने की है। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद किसी भी आपराधिक साजिश या foul play की संभावना से इनकार कर दिया है।
एलन यू मेंगलोंग की टीम ने एक आधिकारिक बयान में कहा “बेहद दुख के साथ, हम सूचित करते हैं कि हमारे प्रिय मेंगलोंग की 11 सितंबर को इमारत से गिरने के कारण मृत्यु हो गई। पुलिस जांच में किसी भी आपराधिक घटना की पुष्टि नहीं हुई है। हम प्रार्थना करते हैं कि उनकी आत्मा को शांति मिले और उनके परिजन इस कठिन समय में संबल पाएँ।”
उनकी मृत्यु की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर यू मेंगलोंग ट्रेंड करने लगे। फैंस ने ट्विटर, वीबो और इंस्टाग्राम पर उनके प्रति श्रद्धांजलि और भावुक संदेश साझा किए। बहुत से प्रशंसकों ने उनके टीवी शोज़ और गानों से जुड़ी यादें साझा कीं।
एलन यू मेंगलोंग का जन्म 15 जून 1988 को हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2007 में टैलेंट रियलिटी शो ‘माई शो, माई स्टाइल’ से की। 2011 में शॉर्ट फिल्म ‘द लिटिल प्रिंस’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। उन्होंने कई हिट चीनी सीरियल्स में अभिनय किया, जिनमें प्रमुख हैं- ‘गो प्रिंसेस गो’, ‘लव गेम इन ईस्टर्न फैंटेसी’, ‘फ्यूड’ और सबसे अधिक सराही गई सीरीज़ ‘इटरनल लव’, जिसने उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई।
यू मेंगलोंग केवल एक अभिनेता ही नहीं, बल्कि एक संगीत निर्देशक और गायक भी थे। उन्होंने कई म्यूजिक प्रोजेक्ट्स निर्देशित किए और कुछ हिट गाने भी गाए। उन्हें उनके आवाज, स्क्रीन प्रेजेंस और मल्टी-टैलेंटेड व्यक्तित्व के लिए सराहा जाता था।