डिजिटल डेस्क- 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेसी सांसद राहुल गांधी की सादगी ने सबको दीवाना बना दिया। कांग्रेस मुख्यालय में ध्वजारोहण के कार्यक्रम में पहुंचे सांसद राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के दौरान हो रही भारी बारिश के बीच बिना छाते के पहुंचे राहुल गांधी ने भीगते हुए कांग्रेस मुख्यालय में झंडा फहराया। राहुल गांधी को भीगते हुए झंडा फहराते हुए वहां उपस्थित लोगों में एक अलग ही जोश देखने को मिला। जैसे ही राहुल गांधी ने झंडा फहराया, वैसे ही वहां उपस्थित जनसमूह ने भारत माता की जय के नारे लगाने शुरू कर दिये। लोगों का देश के प्रति ये प्रेम उस समय देखते ही बन रहा था।
स्वतंत्रता दिवस की दी सभी को बधाई
सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करत हुए राहुल गांधी ने लिखा कि सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से मिली यह आज़ादी, एक ऐसे भारत के निर्माण का संकल्प है – जहां सत्य और समानता की नींव पर न्याय हो, और हर दिल में सम्मान और भाईचारा हो। इस अनमोल धरोहर के गौरव और सम्मान की रक्षा करना हम सबका कर्तव्य है। जय हिंद, जय भारत
लाल किले में नहीं पहुंचे कांग्रेस के नेता
नई दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले में झंडा फहराकर देश को संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस की तरफ से किसी भी नेता ने लाल किले में अपनी मौजूदगी नहीं दर्ज कराई। जिसके बाद भाजपा ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए उनको उनकी ड्यूटी याद दिलाई। कांग्रेस पार्टी से किसी बड़े नेता ने शिरकत नहीं की। भारतीय जनता पार्टी के शहजाद पूनावाला का कहना है कि नेता विपक्ष का पद संवैधानिक पद होता है। इस कार्यक्रम में उनका शामिल होना संवैधानिक कर्तव्य है।