हुड्डा के गढ़ रोहतक से सीएम नायब सिंह सैनी करेंगे रात्रि प्रवास की शुरुआत, कांग्रेस के वोट बैंक में सेंध की तैयारी

KNEWS DESK- हरियाणा की सियासत में अहम स्थान रखने वाले रोहतक जिले में चुनाव खत्म होने के बावजूद राजनीतिक सरगर्मी थमने का नाम नहीं ले रही। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 14 अगस्त से प्रदेश स्तरीय रात्रि प्रवास कार्यक्रम की शुरुआत करने जा रहे हैं – और इसकी पहली कड़ी के तौर पर उन्होंने हुड्डा के गढ़ रोहतक को चुना है। इसके साथ ही वे 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भी होंगे।

सीएम का यह दौरा केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि रणनीतिक भी माना जा रहा है। भाजपा रोहतक में अपनी जमीन मजबूत करना चाहती है, जहां अभी तक उसका प्रदर्शन कमजोर रहा है। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलेंगे और कांग्रेस के गढ़ में सेंध लगाने की रणनीति पर काम करेंगे।

रोहतक को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ माना जाता है। यहां की चारों विधानसभा सीटों – महम, गढ़ी सांपला-किलोई, रोहतक शहर और कलानौर (सुरक्षित) – पर कांग्रेस का वर्चस्व कायम रहा है। गढ़ी सांपला-किलोई से हुड्डा ने लगातार छह बार जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा आज तक महम और गढ़ी सांपला किलोई में खाता तक नहीं खोल पाई है।

2019 लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस के दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा के कद्दावर नेता अरविंद शर्मा को बड़े अंतर से हराया था। हालांकि राज्य में भाजपा की सरकार बनी, लेकिन रोहतक की जनता ने कांग्रेस पर भरोसा बनाए रखा।

भाजपा भले ही रोहतक जिले की सीटें न जीत पाई हो, लेकिन उसने रोहतक को संगठनात्मक दृष्टि से कभी नजरअंदाज नहीं किया। रोहतक स्थित पार्टी कार्यालय से चुनावी गतिविधियां लगातार संचालित होती रहीं हैं, भले ही पंचकूला में प्रदेश कार्यालय की स्थापना हो चुकी है। जजपा यहां पहले ही अपना प्रदेश कार्यालय खोल चुकी है और इनेलो के अभय चौटाला भी रोहतक में स्थायी ठिकाने की तलाश में हैं।

भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर खरक के अनुसार, सीएम सैनी 14 अगस्त को दोपहर तीन बजे रोहतक पहुंचेंगे। यहां पौधारोपण के बाद पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इस दौरान वे नव नियुक्त पदाधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे।

विधानसभा सीटों पर नजर

गढ़ी सांपला-किलोई: कांग्रेस का गढ़, भूपेंद्र हुड्डा लगातार विजयी। भाजपा अब तक नहीं जीत सकी।

महम: भाजपा का खाता नहीं खुला, मुकाबला अक्सर कांग्रेस और निर्दलीयों के बीच।

रोहतक शहर: भाजपा के डॉ. मंगलसेन ने 7 बार जीत दर्ज की। 2014 में मनीष ग्रोवर ने भाजपा को एक जीत दिलाई थी।

कलानौर: कांग्रेस का लगातार दबदबा।