मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद को दी विकास की अनेक सौगातें, वेस्ट म्यूजियम और स्पंदन सरोवर का किया उद्घाटन

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मुरादाबादवासियों को विकास की कई सौगातें देते हुए शहर के स्मार्ट सिटी मिशन को नई दिशा दी। मुख्यमंत्री ने आवास विकास फेस-2 में विकसित अत्याधुनिक स्पंदन सरोवर और देश के सबसे बड़े वेस्ट म्यूजियम का भव्य उद्घाटन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आगामी रक्षा बंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में राज्य की सभी महिलाओं के लिए 8 से 10 अगस्त तक यूपी रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की भी घोषणा की, जिसे जनता ने जोरदार समर्थन दिया।

17 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया स्पंदन सरोवर एक खूबसूरत जल पार्क के रूप में सामने आया है। इसमें 100 मीटर ऊंचे फव्वारों के साथ लेजर शो, म्यूजिकल वॉटर स्क्रीन और सतयुग से कलियुग तक की गाथा को दिखाने वाली प्रस्तुति लोगों को मंत्रमुग्ध कर रही है। सरोवर के किनारे बनाई गई सुंदर दीर्घाओं में परिवारों के बैठने और शो का आनंद लेने की समुचित व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस शो की सराहना करते हुए कहा, “यह स्थल पर्यटन, ज्ञान और मनोरंजन का अनूठा केंद्र बनेगा, जो मुरादाबाद को नई पहचान देगा।”

कांशीराम नगर स्थित गौतम बुद्ध पार्क में नगर निगम द्वारा 15 करोड़ रुपये की लागत से तैयार वेस्ट म्यूजियम का उद्घाटन भी इस अवसर पर हुआ। यह देश का पहला और सबसे बड़ा ऐसा म्यूजियम है जो पूरी तरह कचरे पर केंद्रित है।

यहां डिजिटल माध्यम से कचरे के स्रोत, निस्तारण प्रक्रिया, जनभागीदारी और व्यावसायिक मॉडल को छह जोनों में विभाजित कर आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। बच्चों के लिए विशेष गेम्स और स्टार्टअप्स की जानकारी देने वाली गतिविधियां भी यहां शामिल की गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संग्रहालय स्वच्छता, शिक्षा और नवाचार का प्रेरणास्रोत बनेगा।

मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद में एक साथ कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिनमें शामिल हैं-

राष्ट्रीय गौरव स्मारक (1.20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित)

एनीमल बर्थ कंट्रोल सेंटर

36 पार्कों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम

120 वेंडिंग कियोस्क

276 पार्कों में ओपन जिम

कॉमन फैसिलिटी सेंटर (ब्रास फर्नेस उद्योग के लिए)

दांडी यात्रा स्मारक

मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “जो कभी तुष्टिकरण की राजनीति के सहारे सत्ता में आते थे, आज पूरी तरह हाशिए पर पहुंच गए हैं। हमारी योजनाएं तुष्टिकरण नहीं, संतुष्टिकरण की भावना पर आधारित हैं।”

उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों को निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को नकल, अराजकता और जातिवाद में धकेल दिया था, लेकिन अब सरकार की समावेशी नीतियों से पूरे प्रदेश में अनुशासन, संस्कार और आत्मनिर्भरता की भावना पैदा हो रही है।