एयर इंडिया की फ्लाइट में फंसे म्यूजिक डायरेक्टर साजिद अली खान, बोले– ‘बच्चे कांप रहे थे, लेकिन कोई… ‘

KNEWS DESK – बॉलीवुड के मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर साजिद अली खान ने हाल ही में एयर इंडिया की दुबई से मुंबई आने वाली एक फ्लाइट में हुए खराब अनुभव को सोशल मीडिया पर साझा किया है। इन दिनों एयर इंडिया लगातार सुविधाओं की कमी और तकनीकी खामियों को लेकर विवादों में है, और अब साजिद के वीडियो ने इस बहस को और हवा दे दी है।

फ्लाइट में चार बार गुल हुई लाइट

साजिद ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि वह दुबई से मुंबई लौट रहे थे, लेकिन एयर इंडिया की फ्लाइट में सबकुछ ठीक नहीं था। उन्होंने कहा, “फ्लाइट में चार बार लाइट चली गई। बच्चे डरकर रोने लगे, लोग घबरा गए, लेकिन स्टाफ गंभीर नहीं था।” उन्होंने यह भी बताया कि फ्लाइट के अंदर सभी व्यवस्था को मज़ाक की तरह ले रहे थे, और कोई भी यात्रियों की चिंता को गंभीरता से नहीं ले रहा था।

‘डराओ मत, ये कोई मजाक नहीं है’

अपने वीडियो में साजिद ने एयर इंडिया को लापरवाही के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, “हमें मत डराओ, अल्लाह ना करे अगर कुछ हो गया, तो यह बस एक न्यूज बनकर रह जाएगा। पौने 11 बजे की फ्लाइट थी और अब 1 बज रहा है, लेकिन कोई प्रोफेशनल अप्रोच नहीं दिख रही।” उन्होंने आगे लोगों से दुबई-मुंबई फ्लाइट के सभी यात्रियों के लिए दुआ करने की अपील भी की।

यात्रियों की चिंता पर उड़ाया गया मजाक

वीडियो में साजिद ने खुलासा किया कि जब एक यात्री ने इस स्थिति के खिलाफ आवाज उठाई, तो बाकियों ने उसका मजाक उड़ाया और किसी ने उसकी बात पर गौर नहीं किया। उन्होंने इसे एक गंभीर सुरक्षा चूक बताया और कहा कि बच्चों का डरना और कांपना यह दिखाता है कि स्थिति कितनी तनावपूर्ण थी।

हालांकि इस भयावह अनुभव के बाद साजिद ने बाद में एक और अपडेट शेयर किया और बताया कि वो अब सुरक्षित अपने घर, मुंबई लौट आए हैं। उन्होंने सभी प्रशंसकों और शुभचिंतकों को उनकी प्रार्थनाओं और चिंता के लिए धन्यवाद कहा।